29 साल पहले जहां था स्कूल, अब वहां बुजुर्गों की ख्वाहिश होगी पूरी; जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली,VON NEWS: दिल्ली के जिस स्कूल में बैठकर लोगों ने बचपन में पढ़ाई की थी। अब आने वाले समय में कालोनी के रहने वाले वही बुजुर्ग उसी स्कूल की भूमि पर बैठकर पढ़ाई करेंगे। दरअसल, पहाड़गंज स्थित घी चौक इलाके में उत्तरी दिल्ली नगर निगम 29 साल पहले बंद हुए प्राथमिक स्कूल के खंडहर को तोड़कर स्थानीय लोगों के लिए चौपाल बनाने का काम कर रहा है, जिसका निर्माण कार्य इन दिनों किया जा रहा है। खंडहर में आने वाले असामाजिक तत्वों से स्थानीय लोग परेशान थे, जिसकी शिकायत स्थानीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों से की थी, जिसके बाद निगम ने खंडहर के स्थान पर चौपाल स्थल बनाने का निर्णय लिया था। इससे बुजुर्गों को बैठने का निर्धारित स्थान मिल सकेगा।
घी चौक इलाके में रहने वाले लोगों का कहना है कि उनके इलाके में वर्ष 1958 में एक प्राथमिक विद्यालय बनाकर तैयार किया गया था, जिसमें पहाड़गंज इलाके के रहने वाले बच्चे पढ़ने के लिए जाते थे। लेकिन समय बीतता गया और स्कूल का भवन धीरे-धीरे खंडहर हो गया। बाद में निगम ने उसके भवन को सुधारने की कोशिश भी की, लेकिन भवन का सुंदरीकरण नहीं हो सका।
.jpg)
लोगों का कहना है कि करीब 29 साल पहले स्कूल बंद कर दिया गया था, जिसके बाद स्कूल का भवन खंडहर बन गया। खंडहर में पुरानी दिल्ली व अन्य इलाकों से आकर लोग जुआ और शराब पीने लगे। आरोप है कि असामाजिक तत्वों का भी खंडहर में जमावड़ा लगता गया। इसके बाद करीब एक साल पहले स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस, निगम के अधिकारियों और स्थानीय भाजपा पार्षद बबीता भरीजा से की, जिसके बाद पार्षद ने खंडहर को तोड़कर उसके स्थान पर चौपाल स्थल बनाने का फैसला लिया, जिसमें अधिकतर स्थानीय लोगों ने अपनी सहमति दी। इसके बाद अब इलाके में चौपाल स्थल बनने का कार्य किया जा रहा है।