मौसम अपडेटः तीन मार्च से पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के आसार!

VON NEWS: प्रदेशभर में तीन मार्च से मौसम के करवट लेने के आसार हैं। मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में मामूली इजाफा होने के आसार हैं। तीन मार्च से पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में मैदानी जिलों में भी तापमान में कमी देखने को मिलेगी।

वहीं, रविवार को दून शहर का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को 30.5 डिग्री दर्ज किया गया था। तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। पिछले चार दिनों की तुलना में गर्मी में मामूली कमी आई है।

दिन में चटक धूप, शाम ढलते ही कंपकंपी

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में दिन में चटक धूप खिल रही है और शाम ढलते ही वादियां ठंड से कंपकंपा रही हैं। रविवार को पहाड़ में मौसम साफ रहा, भराड़ीसैंण में मौसम खुशनुमा है। बजट सत्र के लिए भराड़ीसैंण पहुंचे ज्यादातर मंत्री, विधायक व अधिकारी हाफ स्वेटर, जैकेट में थे, लेकिन शाम को ठिठुरन बढ़ने से पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढके नजर आए।

बदलता मौसम स्वास्थ्य पर पड़ रहा भारी

बदलते मौसम के चलते हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के लोग फिर बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। आए दिन सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। डॉक्टर बदलते मौसम में लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दे रहे हैं।

इस समय बदलते मौसम के चलते बुखार, सर्दी, जुकाम के साथ ही पेट दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। कई दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह और शाम जहां सर्दी का असर रहता है तो दोपहर में गर्मी पसीने छुड़ा रही है। ऐसे में लोग दोपहर में गर्मी को देखते हुए थोड़े लापरवाह हो जाते हैं और गर्म कपड़ों से किनारा कर लेते हैं।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button