143 साल पहले शुरू हुई थी टेस्ट क्रिकेट
नई दिल्ली,VON NEWS: क्रिकेट फैंस और खासकर प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे तमाम युवाओं के लिए ये किसी बड़े सवाल से कम नहीं है कि पहला अंतरराष्ट्रीय मैच कब खेला गया था या फिर पहला टेस्ट मैच कब शुरू हुआ था। अगर आपको भी इस सवाल का जवाब नहीं पता है तो आज आप इसकी जानकारी हासिल कर पाएंगे और जान पाएंगे कि कब और किन दो देशों के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया था।
क्रिकेट को दुनिया में आए 100 साल से ज्यादा का समय हो चुका था, लेकिन कभी भी कोई अंतरराष्ट्रीय मैच दो देशों के बीच नहीं खेला गया था और अगर दो देशों के बीच कोई मैच खेला भी गया था तो उसे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच का दर्जा नहीं मिला था, लेकिन आज से ठीक 143 साल पहले 15 मार्च 1877 में पहला आधिकारिक टेस्ट मैच खेला गया था। ये मैच अब तक के दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड(MCG) पर खेला गया था।
ऐसा था मैच का हाल
पहले आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड से हुआ था। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान डैव ग्रेगरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी और पहली पारी में 245 रन का स्कोर बनाया था। कंगारू टीम की ओर से चार्ल्स बैनरमैन ने 165 रन की पारी खेली थी। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना पाया था, जबकि इंग्लैंड की ओर से अल्फ्रेड शॉ और जेम्स साउथर्टन ने 3-3 विकेट अपने नाम किए थे।
245 रन के जवाब में इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 196 रन पर ढेर हो गई। हैरी जप ने 63 रन का पारी इंग्लिश टीम के लिए खेली। वहीं, कंगारू टीम के गेंदबाज बिली मिडविंटर ने 5 विकेट चटकाए थे।