आगरा में सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगी वैक्सीन, पढ़े पूरी खबर
VON NEWS: केंद्र सरकार के दावे के मुताबिक जल्द ही एंटी कोरोना वैक्सीन भारत में आ जाएगी। इसे लेकर टीकाकरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगरा में सबसे पहले सरकारी और प्राइवेट 1510 चिकित्सकीय संस्थानों के 10 हजार स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगेगी। इसके लिए इनकी कुंडली बनाई जा रही है।
1800 लोगों के बारे में जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। 1510 में 300 सरकारी और शेष निजी चिकित्सीय संस्थान हैं। 1210 निजी चिकित्सकीय संस्थानों में से 423 ने स्वास्थ्य विभाग को अपने यहां तैनात स्टाफ की जानकारी नहीं दी थी। शुक्रवार को सभी से जानकारी मिल गई।
ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के पास लगभग 10 हजार कर्मचारियों का डाटा इकट्ठा हो गया है। इस जानकारी में स्वास्थ्यकर्मी का नाम, पता, उम्र, निवास स्थान का पिन कोड, पहचान पत्र और फोन नंबर है। शेष लोगों की जानकारी भी अगले करीब 20 दिन में पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी।
पोर्टल पर दर्ज स्वास्थ्य कर्मियों को ही लगेगी वैक्सीन
अगले साल से शुरू होगा टीकाकरण अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि पोर्टल पर दर्ज विवरण के आधार पर ही स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगेगी। इस कार्य के लिए स्वयंसेवकों के लिए सामाजिक संगठन और स्वयंसेवक संगठनों से भी बात की जा रही है।
सीएमओ ने बताया कि 1510 चिकित्सकीय संस्थानों के 10 हजार लोगों की रिपोर्ट बनाने का काम शुरू हो गया है। इनको अगले साल टीकाकरण अभियान में सबसे पहले वैक्सीन लगाई जाएगी। निजी संस्थानों से भी स्टाफ की जानकारी मिल चुकी है।