फीरोजाबाद में युवक की हत्या कर हाईवे किनारे फेंका शव, जानिए पूरा मामला

आगरा,VON NEWS: सोमवार की रात फीरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में वसूला (लकड़ी का सामान बनाने का औजार) से माथे पर प्रहार कर युवक की हत्या कर दी और शव को हाईवे किनारे फेंक दिया। सुबह घटना के बारे में जानकारी हुई तो स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। पत्नी ने गांव ही युवक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है।

रूपसपुर निवासी हरिओम (40) पुत्र हाकिम सिंह लकड़ी की चारपाई, तखत आदि सामान बनाने का काम करता था। वहीं गांव के ही राजकुमार ने भी सात दिन पूर्व माता मंदिर के समीप लकड़ी का सामान बनाने की दुकान खोली। सोमवार की शाम छह बजे तक दोनों ने काम किया। इसके बाद दोनों एक साथ चले गए। रात को घर वापस नहीं लौटने पर हरिओम के स्वजनों ने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। सुबह छह बजे गांव के लोग शौच करने के लिए खेतों की ओर गए तो हरिओम का शव एसीएम स्कूल के पीछे हाईवे किनारे पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।

जानकारी होने पर स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर विनय कुमार, सीओ शिकोहाबाद बल्देव खनेड़ा भी पहुंच गए। पुलिस ने स्वजनों से जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के माथे पर वसूला से प्रहार किए गए हैं। हत्या किस कारण से की गई है, इसके बारे में जानकारी नहीं हो सकी है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

चेहरा जलाने का किया प्रयास

ग्रामीणों की मानें तो आरोपित ने हत्या करने के बाद मृतक का पेंट उतारकर गर्दन के समीप रख दिया और पेंट में आग लगाकर चेहरा जलाने का प्रयास किया। ताकि शिनाख्त नहीं हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button