तिहरा हत्याकांड : मुख्य आरोपित के प्रोडक्शन वारंट पर लेने में बाधा बना कोविड-19
गुरुग्राम,VON NEWS: तिहरा हत्याकांड के मुख्य आरोपित गैंगस्टर अमित उर्फ काले को प्रोडक्शन वारंट पर लेने में कोविड-19 बाधा बन रहा है। गुरुग्राम पुलिस ने जिला अदालत में प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए अर्जी लगाई थी। इसके बाद प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया लेकिन तिहाड़ जेल प्रशासन ने कोविड-19 की वजह से आरोपित को भेजने से मना कर दिया। सात अगस्त की रात काले को उसके तीन अन्य साथियों के साथ दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। सभी न्यायिक हिरासत में हैं। तिहरा हत्याकांड में पूछताछ के लिए गुरुग्राम पुलिस चारों को खासकर काले को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करना चाहती है।
इसी साल 20 अगस्त की शाम दो स्कूटी एवं एक मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने गांव बसई निवासी अनमोल के ऊपर सेक्टर-9 इलाके के खाली प्लाॅट में, शशिकांत उर्फ सन्नी के ऊपर प्लॉट के नजदीक विंग अपार्टमेंट में जबकि समीर के ऊपर गांव बसई में हमला किया था। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
साजिश रचने के आरोप में पांच आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं लेकिन वारदात को अंजाम देने वाले सभी आरोपित गिरफ्त से बाहर हैं। मुख्य आरोपित अमित उर्फ काले है। मारे गए तीनों युवक गैंगस्टर जॉनी के नजदीक बताए जाते थे। गैंगस्टर जॉनी एवं गैंगस्टर अमित उर्फ काले में एक प्लाट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवाद में दोनों तरफ से कई लोग मौत की भेंट चढ़ चुके हैं।