बैंकिंग फ्रॉड में खाते से कट गया पैसा, पढ़िये पूरी खबर
नई दिल्ली,VON NEWS. पिछले कुछ समय से बैंकिंग धोखाधड़ी तेजी से बढ़ी है। इसके लिए बैंक ग्राहकों को लगातार फ्रॉड से बचने के लिए तरह-तरह के तरीके सुझा रहे हैं। सबसे ज्यादा निशाना नेट बैंकिंग, फोन बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग इस्तेमाल करने वाले लोगों को बनाया जा रहा है।
अब केंद्रीय रिजर्व बैंक की ओर से ऐसे मामलों में नुकसान से बचने के लिए जरूरी टिप्स दिए गए हैं। आजकल स्कैमर फ़िशिंग ईमेल, एसएमएस और फोन कॉल करके लोगों को ठग रहे हैं और उनके पैसे की चोरी कर रहे हैं। कभी-कभी ये ठग खुद को बैंक अधिकारी, आरबीआई अधिकारी, आयकर अधिकारी और सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों को मूर्ख बनाते हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
रिजर्व बैंक ने बताया है कि अगर ग्राहक के बैंक खाते में धोखाधड़ी से लेनदेन हुआ हो तो नुकसान को रोकने के लिए बैंक को तुरंत सूचित करें।
आरबीआई ने कहा कि अपने बैंक को सूचित करने में जितना समय लगाएंगे, आपको उतना ही ज्यादा नुकसान का जोखिम रहेगा। अगर आपको पैसे चाहिए तो फ्रॉड की सूचना तुरंत अपने बैंक को दें। रिजर्व बैंक ने आगे बताया कि जब भी शिकायत दर्ज कराएं, बैंक से पावती लेना न भूलें। जानकारी के 90 दिनों के भीतर बैंक को आपकी शिकायत सुलझानी होगी।