वायु प्रदूषण से फेफड़ों के साथ मानसिक बीमारियों का भी खतरा; पढ़िये पूरी खबर

नई दिल्‍ली,VON NEWS. वायु प्रदूषण का फेफड़ों पर तो सीधा असर पड़ता ही है, इससे मानसिक बीमारियों का भी खतरा रहता है। एक नए अध्ययन में यह बात सामने आई है कि वायु प्रदूषण के कारण पार्किंसंस व अल्जाइमर के साथ-साथ अन्य मानसिक बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है।

इसका सीधा संबंध पीएम 2.5 से है। वैसे तो यह अध्ययन अमेरिका के क्षेत्र विशेष पर आधारित है, लेकिन इसके निष्कर्ष हमारे देश की राजधानी दिल्ली व अन्य महानगरों में रहने वाले लोगों को सावधान करते हैं। इन शहरों में प्रदूषण का दानव एक बार फिर विकराल होता जा रहा है।

क्या है पीएम 2.5 : पार्टिकुलेट मैटर अति सूक्ष्म कण होते हैं। इनका आकार एक इंच के दस हजारवें हिस्से के बराबर होता है। इनका उत्सर्जन उद्योगों, परिवहन, जंगल की आग आदि से होता है। आमतौर पर 35 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर पीएम 2.5 की मौजूदगी वाली हवा को ठीक माना जाता है, लेकिन विश्व स्वस्थ्य संगठन 10 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर के मानक की सिफारिश करता है

इस्तेमाल किए गए 6.30 करोड़ लोगों के आंकड़े : शोधकर्ताओं ने वर्ष 2000 से 2016 तक के आंकड़ों का अध्ययन में उपयोग किया। इस अवधि में अमेरिका के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किए गए 6,30,38,019 मरीजों की सेहत संबंधी रिपोर्ट का विश्लेषण किया गया। इलाके के पिन कोड के माध्यम से वहां के पीएम 2.5 के स्तर व मरीजों के बीच के संबंधों को समझने की कोशिश की गई।

इस दौरान पाया गया कि जिन इलाकों में हवा में पीएम 2.5 की सालाना मौजूदगी प्रति पांच माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की दर से बढ़ी वहां के लोगों को पार्किंसंस व अल्जाइमर आदि मानसिक बीमारियों के कारण पहली बार अस्पताल में भर्ती कराने का खतरा 13 फीसद ज्यादा रहा। खतरा उन इलाकों में भी बरकरार रहा, जहां पीएम 2.5 का स्तर अमेरिकी पर्यावरण एजेंसी की तरफ से तय 12 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर से कम रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button