COVID-19 रोडमैप बना रहे कई देश

पेरिस, एजेंसियां। कोरोना महामारी से जहां अब भी कई देश जूझ रहे हैं वहीं कुछ देशों ने लॉकडाउन से छूट का रोडमैप बनाना शुरू कर दिया है। महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित यूरोप के दो देश फ्रांस और स्पेन इसे अंतिम रूप देने में लगे हैं। स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में 301 लोगों की मौत हुई। यह दो अप्रैल को हुई 951 लोगों की मौत के मुकाबले तीन गुना कम है। देश में अब तक करीब 24 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।

महामारी से जूझ रहे देश लॉकडाउन में छूट देकर अपनी खराब अर्थव्यवस्था को गति देना चाहते हैं। इसी के साथ बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर स्कूल कब खुलेंगे? फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चाहते हैं कि स्कूल 11 मई से फिर से खुलें। लेकिन शिक्षक और अभिभावक स्वास्थ्य खतरों को लेकर चिंतित हैं। सरकार का हालांकि कहना है कि यह अभिभावकों को तय करना है कि वह अपने बच्चों को स्कूल भेजेंगे या नहीं। स्पेन ने भी बीते शनिवार से 14 साल से छोटे बच्चों को एक घंटे के लिए घर से निकलने की छूट दे दी है। वहां के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा है कि अगर महामारी से होने वाली मौतों में इसी तरह से कमी आती रही तो दो मई से लॉकडाउन में चरणबद्ध तरीके से छूट दी जाएगी।

ऑस्ट्रेलिया में लॉकडाउन से दी जाने लगी ढील

ऑस्ट्रेलिया ने लॉकडाउन से ढील देना शुरू कर दिया है। देश की सबसे बड़ी आबादी वाले प्रांत न्यू साउथ वेल्स ने मंगलवार को स्थानीय लोगों को मशहूर बोंडी बीच समेत अन्य तटों पर जाने की छूट दे दी। इसके अलावा प्रांतीय सरकार ने लोगों को पड़ोसियों के घर जाने की सशर्त अनुमति दे दी। एक-दूसरे के घर आने-जाने में बच्चों को भी साथ ले जाने की रियायत दी गई है। ऑस्ट्रेलिया के स्वास्थ्य मंत्री ग्रेग हंट के अनुसार, बीते 24 घंटों में देश में सिर्फ एक नया मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि देश कोरोना पर जीत की ओर अग्रसर है। ऑस्ट्रेलिया में कोरोना संक्रमण के 6,700 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। महामारी में 88 लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा।

दक्षिण कोरिया में संक्रमण खात्मे की ओर

एक समय चीन के बाद कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे दक्षिण कोरिया में संक्रमण अब खात्मे की ओर बढ़ रहा है। देश में मंगलवार को लगातार दसवें दिन नए मामलों की संख्या 15 से कम रही। इससे उत्साहित स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि लॉकडाउन के नियमों में ढील दी जा सकती है। हालांकि अगले हफ्ते त्योहारों को देखते हुए अधिकारियों ने लोगों को आगाह किया कि वे अभी देश को संक्रमण से मुक्त समझने की भूल न करें। दक्षिण कोरिया में संक्रमण के दस हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 244 लोग दम तोड़ चुके हैं।

रूस में तेजी से बढ़ रहे संक्रमण के मामले

पिछले चौबीस घंटों के दौरान रूस में संक्रमण के छह हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए और 72 लोगों की मौत हुई। देश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 93 हजार से ज्यादा हो गई है। रूस में लॉकडाउन 30 अप्रैल को खत्म हो रहा है। राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन को फैसला लेना है कि इसे आगे बढ़ाया जाए या नहीं।

ब्रिटेन में रखा गया एक मिनट का मौन

कोरोना महामारी के दौरान जान गंवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों की याद में मंगलवार को ब्रिटेन में एक मिनट का मौन रखा गया। कोरोना से जीतकर सरकार का दोबारा कामकाज संभालने वाले प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर 11 बजे श्रद्धांजलि दी। देश में अब तक नेशनल हेल्थ सर्विस से जुड़े 82 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें कई भारतीय मूल के थे।

लॉकडाउन का लाभ उठा रहे चरमपंथी समूह, युवा पीढ़ी को गुमराह करने की कर रहे कोशिश: UN

https://voiceofnationnews.com

सबसे प्रभावित देश

देश –     मौतें –     संक्रमित

अमेरिका 56,803 10,10,507

इटली   26,977   1,99,414

स्पेन    23,822    2,32,128

फ्रांस    23,293    1,65,842

ब्रिटेन   21,092    1,57,149

बेल्जियम 7,331    47,334

ईरान    5,877      92,584

जर्मनी   6,136    1,58,768

चीन   4,633      82,836

ब्राजील   4,603    67,446

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button