पूरी तरह से बंद के कारण जरूरी सामान की किल्लत, गौशालाओं में गायों के लिए भूसा तक नहीं
भोपाल.VON NEWS: लॉकडाउन का आज 17वां दिन है। प्रदेश में अब तक 449 संक्रमित और 33 मौतें हाे चुकी हैं। भोपाल से सटे विदिशा में एक दिन में 13 नए संक्रमित मिले हैं। इंदौर में गुरुवार को 22 नए संक्रमित मिले। वहां अब तक 235 संक्रमित और 23 मौतें हो चुकी है, भोपाल में 109 संक्रमित हो चुके हैं। यहां एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। राज्य सरकार के संक्रमण रोकने के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पब्लिक हेल्थ एक्ट की धारा 71(1) के तहत पूरे प्रदेश में मास्क पहनना जरूरी कर दिया है। इसके तहत अब लोग घर से बाहर बिना मास्क के नहीं निकल सकेंगे। जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार ने 20 जिलों में जहां संक्रमित मिले, वहां की 46 बस्तियों को हॉटस्पॉट मानकर सील करने के आदेश दिए हैं।
टोटल लॉकडाउन ने बढ़ाई परेशानी, घरों में खाने के सामान की कमी
प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात 14 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में टोटल लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के आदेश जारी किए। पहले से चले आ रहे लॉकडाउन से ही लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जरूरी सामान खत्म हो गया है। सरकार का दावा है कि पूरे प्रदेश में सभी जरूरी सामान की कमी नहीं हो दी जाएगी। सच यह है कि जरूरी सामान की कमी हो गई है। एक हफ्ते से दुकानें नहीं खुलने से लोग खरीदारी नहीं कर पा रहे। सरकार जो व्यवस्था करने के दावे कर रही है, वे पूरी तरह से ध्वस्त हो चुके हैं। सबसे ज्यादा खराब स्थिति ग्रामीण इलाकों की है। यहां 15 दिन से किराने के सामान की सप्लाई नहीं हुई है।
गौशालाओं में चारा खत्म
लॉकडाउन का असर प्रदेशभर की गौशालाओं पर भी पड़ा है। यहां गायों को दिया जाने वाला चारा खत्म हो गया है। कई गौशालाओं में दिन में एक बार थोड़ा-सा भूसा दिया जा रहा है। जो लोग गौशालाओं की व्यक्तिगत तौर पर मदद करते थे, वे लॉकडाउन की वजह से असमर्थ हैं। फसल की कटाई नहीं होने से भूसा भी नहीं आ पा रहा। गौशालाओं में गायों के भूखे मरने की नौबत आ गई है। सूत्रों का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से सही जानकारी सामने नहीं आ रही है।
छिंदवाड़ा: सामूहिक नमाज पढ़ रहे 40 लोगों पर एफआईआर
चौरई तहसील के खैरीखुर्द गांव में सामूहिक रूप से नमाज पढ़ रहे 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार रात पुलिस गश्त कर रही थी, इसी दौरान खैरी की मस्जिद में धारा 144 लागू होने के बावजूद सामूहिक नमाज अदा की जा रही थी, इसमें गांव का सरपंच भी शामिल था।
राज्य के 20 जिले कोरोना प्रभावित; 15 जिलों में 46 कोरोना हॉटस्पॉट
कोरोना से ज्यादा प्रभावित 20 जिलों के 46 हॉटस्पॉट को पूरी तरह सील किया जा रहा है। इनमें भोपाल, इंदौर और उज्जैन को पहले ही सील कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में आने-जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। जहां कोरोना संक्रमण के मामले मिले हैं, उनमें जबलपुर में 8, ग्वालियर में 6, खरगोन में 5, बड़वानी में 5, छिंदवाड़ा में 5, देवास में 4, होशंगाबाद में 3, विदिशा में 2, खंडवा में 2, मुरैना, शिवपुरी, बैतूल, श्योपुर, रायसेन और धार की 1-1 जगह को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने बताया कि प्रदेश की कोरोना टेस्टिंग क्षमता 1050 प्रतिदिन हो गई है।
VOICE OF NATION NEWS प्रदेश में ही नही देश में भी प्रतिष्ठित होती मीडियापोर्टल की हिंदी व अंग्रेजी वेबसाइट है तथा उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त है । आपकी खबर हमारे news channel पर भी प्रसारित की जाती है www.voiceofnationnews.com में हमें आपकी राय और सुझावों की जरुरत हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें voiceofnation18@gmail.com या vonnews8@gmail.com पर भेज सकते हैं या हमारे व्हाटसप नंबर 7579193109 ( मुख्य संपादक श्री मनीष वर्मा जी ) पर भी संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़े: सीएम ने डॉक्टर सैमुअल फ्रेडिक हैनीमैन की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए