PM CARES FUND में दान कर दी जीवनभर की पूंजी!
चमोली,VON NEWS: कोरोना महामारी के खिलाफ छिड़ी जंग में खास ही नहीं, आम लोग भी खुलकर भागीदारी कर रहे हैं। कुछ तो ऐसे भी हैं, जिन्होंने जीवनभर की कमाई इस यज्ञ में होम कर दी। इन्हीं में से एक हैं गौचर (चमोली) निवासी 60-वर्षीय देवकी भंडारी। उन्होंने बुधवार को दस लाख की राशि का चेक पीएम केयर फंड में दान किया। कई निर्धन बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की जिम्मा संभाल रही देवकी सामाजिक कार्यो में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करती हैं।
मूलरूप से बच्छणस्यूं पट्टी (रुद्रप्रयाग) की निवासी देवकी भंडारी वर्तमान में गौचर नगर पालिका क्षेत्र में किराये के मकान पर रहती हैं। उनके पति हुकुम सिंह भंडारी रेशम विभाग में बाबू थे, जिनका 12 साल पहले देहांत हो गया। इसके बाद उन्होंने समाज सेवा को ही जीवन समर्पित कर दिया। क्षेत्र के लोग उन्हें लोग देवकी दीदी के नाम से जानते हैं। कुछ दिन पूर्व दिल्ली में रहने वाले एक रिश्तेदार ने उन्हें कोराना महामारी के बारे में जानकारी दी। सो, उनके मन में भी संकट के इस कठिन दौर में देश के लिए कुछ करने का विचार आया।

बुधवार को वह गौचर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पहुंचीं और अपनी व पति की जमापूंजी को दान करने की पेशकश की। इस पर बैंक कर्मियों ने उन्हें जमा पर्ची भरने को कहा। देवकी ने जब पीएम केयर फंड में दस लाख रुपये जमा करने की बात कही तो बैंककर्मी व अधिकारी अपनी कुर्सियों से उठ गए और उनकी दानवीरता को सैल्यूट किया।
पालिका सभासद अनिल नेगी ने बताया कि देवकी दीदी की अपनी कोई संतान नहीं है और वह निर्धन बच्चों को पठन-पाठन में लगातार मदद करती हैं। बताया कि स्वयं बीमार रहते हुए उन्होंने जिस तरह जीवनभर की संचित कमाई पीएम केयर फंड में दान कर दी, वह संपूर्ण समाज के लिए अनुकरणीय है।
निशंक व भट्ट ने की मुक्तकंठ से प्रशंसा
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को जब देवकी भंडारी की दानशीलता की जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी फेसबुक वॉल पर देवकी की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, ‘मुझे अपनी इस मातृशक्ति पर गर्व है। भारत माता की इस दानवीर रत्न और इनके समर्पण भाव को मैं शत-शत नमन करता हूं।’ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चमोली जिले में गोचर निवासी देवकी भंडारी ने पीएम केयर फंड में 10 लाख रुपये की अपनी सारी पूंजी देश के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए दान कर अपने नाम को चरितार्थ किया है। उधर, नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने ट्वीट कर कहा, ‘हमारी मातृशक्ति देवकी भंडारी ने कोरोना महामारी से लड़ने के लिए अपनी संपूर्ण जमा पूंजी देश सेवा में समर्पित की है।
VOICE OF NATION NEWS प्रदेश में ही नही देश में भी प्रतिष्ठित होती मीडियापोर्टल की हिंदी व अंग्रेजी वेबसाइट है तथा उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त है । आपकी खबर हमारे news channel पर भी प्रसारित की जाती है www.voiceofnationnews.com में हमें आपकी राय और सुझावों की जरुरत हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें voiceofnation18@gmail.com या vonnews8@gmail.com पर भेज सकते हैं या हमारे व्हाटसप नंबर 7579193109 ( मुख्य संपादक श्री मनीष वर्मा जी ) पर भी संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़े: भ्रामक सूचना डालने पर किया एक को गिरफ्तार