कोरोना वायरस: इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर रोक को 14 अप्रैल तक बढ़ाया गया
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के मद्देनजर भारत ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर लगी रोक को बढ़ाकर 14 अप्रैल, 2020 शाम 6:30 बजे तक कर दिया है। रविवार (22 मार्च) से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर एक सप्ताह के लिए रोक लगाया गया था, जिसे अब आगे बढ़ाया गया है। कोरोना वायरस से फैली महामारी के कारण विमानों के यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट देखने को मिली है जिससे कई विमानन कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की छंटनी की या उनके वेतन में कटौती की है।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ”भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या गुरुवार (26 मार्च) को 649 हो गई। देश मे अभी तक इस वायरस के संक्रमण से 13 लोगों की मौत हुई है। अंतिम तीन मौतें गुजरात, तमिलनाडु और मध्यप्रदेश में हुई हैं।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार (24 मार्च) की रात बेहद भावुक अपील में 21 दिन लंबे राष्ट्रव्यापी सम्पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी।
It has been decided that scheduled international commercial passenger services shall remain closed till 18:30 hrs (GMT) of April 14, 2020. This will not apply to approved international all-cargo operations & flights: Directorate General of Civil Aviation
मच्छरों के जरिए कोरोना फैलने से इनकार
स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि 17 राज्यों ने कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए पूरी तरह समर्पित अस्पताल चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। कोरोना वायरस से जुड़े हालात पर मीडिया को जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, ”अभी तक यह कहने के लिए कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं है कि भारत में कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार समुदाय के स्तर पर हो रहा है।” उन्होंने इस बात से भी इंकार किया कि यह वायरस मच्छरों के जरिए फैलता है।
