स्कूल बस चालकों की जिम्मेदारी सिर्फ वाहन चलाना नहीं, बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना भी है: परिवहन विभाग

स्कूल बस चालकों की जिम्मेदारी सिर्फ वाहन चलाना नहीं, बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना भी है: परिवहन विभाग

आरटीओ देहरादून प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा की पहल पर स्कूल बस चालक व परिचालकों को दिया गया विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण

आईडीटीआर देहरादून में 46 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण, क्विज विजेताओं को मिले पुरस्कार और सभी प्रतिभागियो प्रमाण पत्र व टी-शर्ट वितरण

स्कूल बस मानकों, डिफेंसिव ड्राइविंग, फर्स्ट एड और बच्चों की सुरक्षा पर दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

देहरादून।दिनाक -24 june 2026 *परिवहन विभाग, उत्तराखण्ड के सौजन्य से तथा आरटीओ देहरादून प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा की सक्रिय पहल पर आईडीटीआर देहरादून में स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों के लिए विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, सेंट पैट्रिक एकेडमी एवं सोशल बलूनी स्कूल के कुल 46 चालक एवं परिचालकों ने प्रतिभाग किया।

बच्चों की सुरक्षा को केंद्र में रखकर आयोजित हुआ प्रशिक्षण

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूल बसों में यात्रा करने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना तथा चालक एवं परिचालकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील और प्रशिक्षित करना था। प्रशिक्षण पूर्णतः शून्य सहभागिता शुल्क पर आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

रोड साइन, रोड मार्किंग, फर्स्ट एड और डिफेंसिव ड्राइविंग पर विशेष सत्र

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रोड साइन, रोड मार्किंग, प्राथमिक उपचार, डिफेंसिव ड्राइविंग, MSM-PSL तकनीक, स्कूल बस संचालन के मानक, बच्चों को सुरक्षित तरीके से चढ़ाने-उतारने, वाहन की फिटनेस, गति नियंत्रण, आपातकालीन स्थिति में प्रतिक्रिया तथा अन्य सड़क सुरक्षा विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

स्कूल बस चालक समाज के सबसे जिम्मेदार चालकों में शामिल: डॉ. अनीता चमोला ,संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा )

आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि स्कूल बस चालक और परिचालक केवल वाहन संचालन का कार्य नहीं करते, बल्कि वे बच्चों की सुरक्षा के सबसे महत्वपूर्ण संरक्षक होते हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को विश्वास के साथ स्कूल वाहन में भेजते हैं, इसलिए स्कूल बस से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह निर्धारित नियमों, बस मानकों, गति सीमा, वाहन फिटनेस, सीटिंग क्षमता, परिचालक की भूमिका और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल वाहन संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा से सीधा जुड़ा विषय है, इसलिए सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता अनिवार्य है।

संयुक्त परिवहन आयुक्त ने प्रतिभागियों से किया संवाद, जिम्मेदारी का कराया एहसास

संयुक्त परिवहन आयुक्त , उत्तराखंड श्री राजीव कुमार मेहरा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों से एक-एक कर मैत्रीपूर्ण संवाद किया और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल बस चालक और परिचालक समाज के अत्यंत जिम्मेदार नागरिक हैं, क्योंकि उनके हाथों में बच्चों की सुरक्षित यात्रा की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन बचाने की प्रक्रिया है। सुरक्षित ड्राइविंग, धैर्य, अनुशासन और संवेदनशीलता से सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है तथा बच्चों में भी सुरक्षित यातायात व्यवहार की भावना विकसित की जा सकती है।

आईडीटीआर देहरादून द्वारा दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन आईडीटीआर — Institute of Driving Training and Research, देहरादून द्वारा किया गया। आईडीटीआर सड़क सुरक्षा, सुरक्षित वाहन संचालन, चालक दक्षता विकास तथा यातायात नियमों के व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु समर्पित संस्थान है। संस्थान द्वारा चालकों को आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों, व्यवहारिक अभ्यास, सड़क संकेतों, वाहन नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं जिम्मेदार ड्राइविंग व्यवहार के संबंध में प्रशिक्षित किया जाता है, ताकि सड़कों पर दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिले।

क्विज प्रतियोगिता ने प्रशिक्षण को बनाया रोचक और प्रभावी

प्रशिक्षण को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं में रिजवान — सेंट पैट्रिक एकेडमी, चालक; काजल — सोशल बलूनी स्कूल, परिचालक; अली खान — सेंट पैट्रिक एकेडमी, चालक; सुमन — सोशल बलूनी स्कूल, परिचालक; तथा राजेंद्र — शिवालिक कॉलेज ऑफ़ इंजनियरिंग , चालक शामिल रहे। सभी 46 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उनके लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

परिवहन विभाग के सहयोग से प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न: उप निदेशक रोहित गुप्ता

आईडीटीआर के उप निदेशक श्री रोहित गुप्ता ने परिवहन विभाग, आरटीओ देहरादून प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा तथा प्रतिभागी शिक्षण संस्थानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग के मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने सभी चालकों एवं परिचालकों से अपील की कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक कार्य में अपनाएं, क्योंकि स्कूल बस संचालन में सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी सीधे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी हुई है।

आईडीटीआर एवं परिवहन विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों को मिले प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र

प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर आईडीटीआर एवं परिवहन विभाग की ओर से सभी 46 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण के माध्यम से प्रतिभागियों को सुरक्षित स्कूल वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रमाण-पत्र के साथ प्रतिभागियों को टी-शर्ट भेंट कर किया गया उत्साहवर्धन

प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन हेतु आईडीटीआर की ओर से सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट भी भेंट की गई। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले चालक एवं परिचालकों को प्रोत्साहित करना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति उनकी सकारात्मक भागीदारी को सम्मानित करना था।

नियमित प्रशिक्षण से बनेगी सुरक्षित स्कूल परिवहन व्यवस्था

आरटीओ देहरादून प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा द्वारा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि स्कूल वाहनों से जुड़े चालक एवं परिचालक सड़क सुरक्षा मानकों के प्रति और अधिक जागरूक, प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार बन सकें। विभाग ने सभी स्कूलों से अपील की है कि वे अपने स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अवश्य प्रतिभाग कराएं, जिससे बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button