उत्तराखंड सड़क सुरक्षा पर सख्ती: दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की होगी जांच, क्रैश बैरियर और ब्लैक स्पॉट पर विशेष फोकस
देहरादून, 25 अगस्त 2026 | Voice of Nation News | 9:17 IST
शैलेश तिवारी परिवहन विभाग में उप परिवहन आयुक्त के माध्यम से बताया कि उत्तराखंड में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर राज्य सरकार ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय स्थित सभाकक्ष में राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा के साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर परिवहन आयुक्त द्वारा प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान परिवहन मंत्री ने राज्य में हुई दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान की जाए और संबंधित विभाग कारणों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करें।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन, पुलिस अथवा लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें आम जनता की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
क्रैश बैरियर और ब्लैक स्पॉट पर विशेष ध्यान
बैठक में निर्देश दिए गए कि सड़कों की दशा सुधारने के साथ आवश्यकतानुसार क्रैश बैरियर, रोड मार्किंग, साइन बोर्ड और स्पीड कम करने के उपाय किए जाएं। चालकों के विश्राम स्थलों के विकास पर भी जोर दिया गया।

जिन कार्यों पर पहले से काम चल रहा है, उन्हें निर्धारित समय से पहले पूरा करने तथा जिन मामलों की DPR तैयार की जा रही है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत क्रैश बैरियर लगाने और उन पर रेडियम पट्टी लगाने को कहा गया है। पहले से लगाए गए क्रैश बैरियर की भी लगातार समीक्षा की जाएगी।
प्रदेश में चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर साइन बोर्ड लगाने तथा रात में उनकी स्पष्ट दृश्यता के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
चारधाम यात्रा मार्गों का होगा निरीक्षण
चारधाम यात्रा मार्गों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का शीघ्र निरीक्षण कर उनमें सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मार्गों पर लगे साइन बोर्ड की दृश्यता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

शहरी क्षेत्रों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई ट्रैफिक लाइटों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
सड़क किनारे लगाए जाएंगे उत्तराखंड की जलवायु के अनुकूल पेड़
वन विभाग को सड़कों के किनारे ऐसी प्रजातियों के वृक्ष लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जो उत्तराखंड की जलवायु के अनुकूल हों और सड़क दुर्घटनाओं के साथ-साथ भूस्खलन रोकने में भी सहायक साबित हों।
इसके अतिरिक्त हिट एंड रन और पीएम राहत योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन को लेकर जनपद स्तर पर सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित करने को भी कहा गया।
यह भी पढ़े:-
https://voiceofnationnews.com/subharti-on-radar-of-nmc-ministry-and-police/
चालानों पर सख्ती, नए बस अड्डे हाईवे के पास बनाने के निर्देश
परिवहन और पुलिस विभाग द्वारा की जा रही प्रवर्तन कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए चालानों पर और सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नए बस अड्डों को हाईवे के नजदीक विकसित करने तथा फुटपाथों पर दिव्यांगजनों की सुगम आवाजाही के लिए रैंप बनाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सचिव परिवहन रविनाथ रमन, सचिव वित्त रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव गृह विभाग तृप्ति भट्ट, अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार, अपर सचिव वन विभाग नूतन लक्ष्मी, अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात शाहजहां अंसारी, संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं अध्यक्ष लीड एजेंसी राजीव कुमार मेहरा, अपर सचिव शहरी विकास विभाग संतोष बडोनी, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष बीएस चौहान, अपर आयुक्त आबकारी रिजू, उप सचिव शिक्षा विभाग मंजू भारती तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Voice of Nation News