दरबार साहिब में मत्था टेक संगत ने मांगी मन्नत

देहरादून,VON NEWS:  देहरादून का ऐतिहासिक झंडाजी मेला दरबार परिसर में शुरू हो चुका है। खरीदारी को लोग उमड़ रहे हैं। वहीं, शनिवार को दरबार साहिब पहुंची संगत ने झंडाजी को प्रसाद चढ़ाया और परिक्रमा कर मन्नत मांगी। दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्री महंत देवेंद्र दास महाराज ने संगत को आशीर्वाद दिया।

सुबह आठ बजे से दरबार साहिब में मत्था टेकने का क्रम शुरू हुआ। दरबार साहिब के सज्जादानशीन के दर्शन और उनका आशीर्वाद लेने के लिए परिसर में काफी भीड़ लगी रही। श्रद्धालु आशीर्वाद लेने के लिए लाइन लगाकर इंतजार करते दिखे। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गद्दी में प्रसाद व कपड़े का चढ़ावा दिया। शाम छह बजे तक यह सिलसिला जारी रहा। इसके बाद शाम 6:15 बजे झंडेजी व दरबार साहिब में स्थापित मंदिरों की नित्य पूजा की गई।

सुबह नौ बजे शुरू होगी नगर परिक्रमा

सप्तमी यानी आज दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्री महंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में दरबार साहिब से सुबह नौ बजे नगर परिक्रमा शुरू होगी। यहां से संगत तिलक रोड, घंटाघर, गांधी रोड, रीठा मंडी, भंडारी बाग होते हुए लक्खीबाग स्थित समाधि स्थल पर पहुंचेगी। यहां मत्था टेकने के बाद संगत तकरीबन 2:30 बजे वापस दरबार साहिब जाएगी और झंडाजी की परिक्रमा करेगी। इसके बाद संगत को प्रसाद वितरित कर विदा किया जाएगा। वहीं, नगर परिक्रमा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा।

घी के दीये जलाने को लगी भीड़ 

झंडाजी परिसर में घी के दीये जलाने की परंपरा भी है। इसमें श्रद्धालु घी के दीये जलाते हैं और झंडाजी के पास धागा बांधकर मन्नत मांगते हैं। मेला सीजन के अलावा भी मंगलवार और शनिवार को परिसर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रहती है।

संगत ने छका लंगर

दरबार साहिब परिसर में लाखों श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। जिसमें सैकड़ों की संख्या में सेवक लगे हैं। शनिवार को संगत ने दरबार साहिब परिसर के अलावा मातावाला बाग, सहारनपुर चौक में लगे लंगर में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।

ढोल की थाप पर झूमे

झंडाजी परिसर में ढोल की थाप पर संगत ने नृत्य किया। इसके साथ ही गुरु महाराज की जय, झंडेजी की जय आदि के जयकारे लगाए। वहीं, बोर्ड परीक्षा देने के बाद कई स्कूली छात्रों ने भी दरबार साहिब पहुंचकर मन्नत मांगी।

यह भी पढ़े

स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में शीर्ष से दो पायदान दूर देहरादून

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button