लखनऊ में प्रेम प्रसंग में वृद्ध की प्रेमिका संग गला घोंटकर हत्या, जानिए पूरा मामला

लखनऊ,VON NEWS:  उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर का एक माह का कार्यकाल पूरा हो चुका है, लेकिन अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार सुबह मड़ियांव थाना क्षेत्र में डबल मर्डर ने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक वृद्ध और उसकी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्‍या कर दी गई। वृद्ध लंबे वक्‍त से परिवार से अलग प्रेमिका संग लिव-इन-रिलेशन में रह रहा था। मामले में वृद्ध के तीन बेटे और दो पौत्रों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बेटों और पौत्र को था एतराज 

मामला मड़ियांव थानाक्षेत्र के केशवनगर का है। यहां के निवासी राम दयाल (70) की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। राम दयाल के परिवार में पहली पत्‍नी से तीन बेटे और दो पौत्र हैं। इंस्पेक्टर मड़ियांव विपिन कुमार सिंह के मुताबिक, पहली पत्‍नी की मौत के बाद से राम दयाल का शांति देवी (60) के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।

इसी बीच दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। राम दयाल के पास इटौंजा में सड़क किनारे दो बीघा जमीन थी। राम दयाल, शांति देवी के कहने पर वह जमीन थोड़ी-थोड़ी करके बेच रहा था। इस बात को लेकर बेटों और पौत्र से उसका विवाद चल रहा था। बेटे जमीन बेचने का विरोध कर रहे थें। राम दयाल अपने तीन बेटों और दो पौत्र से अलग रहने लगा।

रात विवाद के दौरान शॉल से गला घोटकर की हत्या

घटना की जानकारी पर पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि राम दयाल ने छह बिसवा जमीन का सौदा 57 लाख रुपये में किया था। उसका 11 लाख राम दयाल के खाते में और शांति के बेटे मोनू के खाते में चार लाख रुपया आया था।

इसकी जानकारी राम दयाल के तीन बेटे और दो पौत्र को गई। इसपर तीनों बेटे और पौत्र राम दयाल के घर पहुंचे। उन्होंने विरोध किया। इसपर झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े के दौरान तीनों बेटों और दो पौत्र ने मिलकर शॉल से गला घोंटकर राम दयाल और शांति देवी की हत्या कर दी थी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button