शीतलहर की चपेट में कई राज्य, अगले 3-4 दिनों तक राहत नहीं; पढ़े पूरी खबर

नई दिल्ली,VON NEWS: उत्तर भारत के लोगों पर ठंड कहर बनकर बरस रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन में उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड का एक नया दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार तक तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस गिरावट का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू-कश्मीर से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने से 25 जनवरी से शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ने लगेंगी। अगले तीन-चार दिन तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और इससे लगे मध्य तथा पश्चिमी भारत के हिस्सों में इनका प्रभाव बना रहेगा।

घने कोहरे और सर्द हवाओं का अब आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ने लगा है। सड़क मार्ग से लेकर रेल और हवाई मार्ग सभी पर यह देखने को मिल रहा है। घने कोहरे के चलते जहां ट्रेनों का आवागमन निर्धारित समय से नहीं हो पा रहा है। वहीं, सड़क मार्ग पर वाहनों की रफ्तार को थाम दिया है। ऐसे में मौसम विभाग ने भी चेतावनी से भरी एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें साफ और स्पष्ट किया है कि अगले 3 दिनों तक देश के कई राज्यों के हिस्सों में घने कोहरे छाने और शीत लहर का प्रकोप रहेगा

तीन दिन तक इन राज्यों में घना कोहरा

मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 दिनों की यानी 25 से 27 जनवरी तक उत्तर भारत के अलावा मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और उत्तर पूर्व के राज्यों के तमाम हिस्सों में घने कोहरे और शीत लहर चलने की संभावना जताई है। घने कोहरे की चपेट में आने वाले राज्यों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों की संभावना जताई है। साथ ही नार्थ राजस्थान, वेस्ट बंगाल (सब हिमालयन) और सिक्किम में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। वहीं, उत्तराखंड नॉर्थ वेस्ट मध्य प्रदेश, जम्मू डिवीजन के मैदानी इलाकों के अलावा नॉर्थ ईस्ट के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और गंगेटिक वेस्ट बंगाल और उड़ीसा में भी 25 जनवरी को घना कोहरा होने की संभावना जताई है।

इन राज्यों में शीतलहर की चेतावनी

इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जगहों में 25-26 जनवरी के सर्द दिन होने की संभावना है। वहीं, इन दो दिन गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ, नॉर्थ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ सकता है। 26 जनवरी को इन राज्यों के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। यही स्थिति 27 जनवरी को भी करीब-करीब इन राज्यों में जस की तस बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी में यह भी सलाह दी गई है कि उत्तर प्रदेश राज्य के कुछ जगहों पर अगले 3 दिनों (25-27 जनवरी) और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले 2 दिनों तक अत्यधिक सर्द दिन की स्थिति बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button