उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IPS और PCS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां कुंभ-2027, कानून व्यवस्था और शहरी विकास को गति देने की तैयारी

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, PCS और IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
कुंभ-2027, कानून व्यवस्था और शहरी विकास को गति देने की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ PCS और IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन द्वारा जारी आदेशों को राज्य में कानून-व्यवस्था, शहरी विकास, साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

PCS अधिकारियों में बदलाव

शासन के आदेशानुसार पीसीएस अधिकारी राकेश तिवारी को नगर आयुक्त रुड़की के पद से कार्यमुक्त करते हुए देहरादून का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) में संयुक्त सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ राजधानी देहरादून में प्रशासनिक व्यवस्था और शहरी विकास योजनाओं को मिलेगा।

वहीं पीसीएस अधिकारी प्रत्युष सिंह को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) का नया सचिव बनाया गया है। शासन ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा गोपाल राम बिनवाल को रुड़की नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि उनकी कार्यशैली से नगर निगम की व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं में और सुधार होगा।

IPS अधिकारियों के तबादले, कई अहम जिम्मेदारियां बदलीं

उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में भी बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं।

आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल को अब पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, CCTNS और SCRB की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य में तकनीकी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह अहम नियुक्ति मानी जा रही है।

आईजी SDRF के पद पर तैनात निवेदिता कुकरेती को अब आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल बनाया गया है। कुमाऊं क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी अब उनके हाथों में होगी।

अनंत शंकर ताकवाले को पुलिस महानिरीक्षक CID नियुक्त किया गया है। अपराध जांच और खुफिया तंत्र को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सुनील कुमार मीणा को पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक, PAC एवं सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की जिम्मेदारी दी गई है।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े योगेन्द्र सिंह रावत को अब आईजी SDRF नियुक्त किया गया है। राज्य में आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू ऑपरेशन की जिम्मेदारी अब उनके नेतृत्व में संचालित होगी।

विम्मी सचदेवा को आईजी पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस नियुक्त किया गया है, जबकि कृष्ण कुमार वी.के. को आईजी यातायात एवं जीआरपी की जिम्मेदारी दी गई है।

नीलेश आनंद भरणे को PAC एवं पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है, हालांकि वे साइबर क्राइम, STF, ANTF और FSL से जुड़े कार्यों का दायित्व संभालते रहेंगे।

वहीं प्रतीक्षारत आईपीएस अधिकारी बरिंदरजीत सिंह को पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय एवं P&M नियुक्त किया गया है।

शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासनिक और पुलिस विभाग में हुए इन बदलावों को उत्तराखंड में सुशासन, विकास और बेहतर कानून व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

— Voice of Nation News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button