देहरादून में किटी के नाम पर साढ़े 14 लाख रुपये हड़पे, जाने पूरा मामला

देहरादून,VON NEWS: दून में किटी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले थम नहीं रहे हैं। अब नगर कोतवाली क्षेत्र में किटी के नाम पर साढ़े 14 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, राहुल वर्मा निवासी पार्क रोड ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात काफी समय पहले महेंद्र और आनंद प्रकाश सिंघल से हुई थी। उन्होंने खुद को किटी संचालक बताते हुए राहुल को भी किटी में शामिल होने के लिए कहा। पीड़ित ने किटी शुरू कर दी। राहुल का आरोप है कि कई किस्तें जमा करने के बाद जब अपनी रकम मांगी तो आरोपित बहानेबाजी करने लगे।

काफी दिन तक उन्हें जल्द रकम लौटाने का आश्वासन दिया जाता रहा। राहुल ने बताया कि उन्होंने कुल 14 लाख, 50 हजार रुपये किटी में जमा कराए हैं। पुलिस ने महेंद्र सिंह, आनंद प्रकाश सिंघल, प्रदीप सिंघल, अल्का सिंघल और सपना सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

उधर, शातिरों ने एक व्यक्ति को विदेश से गिफ्ट आने का लालच देकर करीब सवा लाख की चपत लगा दी। चक डांडा लखौंड निवासी मनोज ने बताया कि उन्हें एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने उनके नाम पर विदेश से महंगा गिफ्ट आने की बात कही। बताया कि गिफ्ट प्राप्त करने के लिए कस्टम ड्यूटी देनी होगी। उसकी बातों में आकर मनोज ने खाते में एक लाख 14 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

अपहरण का आरोपित गिरफ्तार, नाबालिग मिला

रायपुर क्षेत्र में अपहरण के एक मामले का पुलिस ने 16 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर नाबालिग को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button