चौरासी कुटी में जर्मनी की युवती के साथ छेड़छाड़

ऋषिकेश,VON NEWS: स्वर्गाश्रम स्थित विश्व प्रसिद्ध चौरासी कुटी में जर्मनी की युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना होली के दिन की है। जिसकी शिकायत युवती ने चौरासी कुटी बीट कार्यालय पहुंचकर की। वहीं, पुलिस ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी होने से इन्कार किया।

वन क्षेत्राधिकारी धीर सिंह ने बताया कि होली को देखते हुए मंगलवार को चौरासी कुटी में दोपहर दो बजे तक किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं थी। जर्मन युवती दोपहर दो बजे से चार बजे के बीच चौरासी कुटी पहुंची। बुधवार को सुबह करीब नौ बजे बीट कार्यालय पहुंची विदेशी युवती ने आरोप लगाया कि चौरासी कुटी में भ्रमण के दौरान एक युवक ने उसे रोक लिया।

इसके बाद वह उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने लगा। भयभीत युवती ने किसी तरह युवक से पीछा छुड़ाया और फिर वहां से चली गई। वन क्षेत्राधिकारी का कहना है कि युवती ने इसकी शिकायत बीट अधिकारी से मौखिक की है। वहीं, आरोपित युवक चौरासी कुटी के पिछले हिस्से से अवैध रूप से अंदर घुसा था।

उनका यह भी कहना है कि युवती को उसी वक्त शोर मचाकर शिकायत करनी चाहिए थी। लेकिन, वह अगले दिन शिकायत करने पहुंची। उधर, लक्ष्मण झूला थाने के प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि अब तक उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। अगर शिकायत आती है तो तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

एक माह से खराब है फ्रंट कैमरा

चौरासी कुटी में एक सीसीटीवी कैमरा मुख्य द्वार पर और एक साइड में लगा हुआ है। फ्रंट कैमरा एक माह से खराब है। जिस कारण चौरासी कुटी में प्रवेश करने वालों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।

यह भी पढ़े

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button