देहरादून बस हादसे की जांच तेज, उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
देहरादून बस हादसे की जांच तेज, उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
देहरादून, 24 जून।
पटेलनगर क्षेत्र में हुई दर्दनाक बस दुर्घटना के बाद उत्तराखण्ड परिवहन विभाग ने मामले की जांच तेज कर दी है। उप परिवहन आयुक्त उत्तराखण्ड श्री शैलेश तिवारी के नेतृत्व में लीड एजेंसी की टीम ने बुधवार को दुर्घटना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और प्रारम्भिक तथ्यों का संकलन किया।

ज्ञात हो कि 23 जून को राजपुर-आईएसबीटी मार्ग पर संचालित सिटी बस संख्या UK07PA-0287 ने पटेलनगर थाना क्षेत्र के निकट सड़क किनारे विश्राम कर रहे श्रमिकों को कुचल दिया था। इस दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मृत्यु हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक परिवहन नरेश संगल, सहायक निदेशक पुलिस अविनाश चौधरी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह, संभागीय निरीक्षक अरविंद यादव, जेपीआरआई के टीम लीडर सुमित ढुल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनास्थल के समीप हल्का मोड़ होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस मुख्य सड़क से उतरकर फुटपाथ की ओर चली गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि जांच दल ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है तथा चालक के स्वास्थ्य और मेडिकल इतिहास की भी जांच की जा रही है।

जांच दल ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहलू की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है। अधिकारियों के अनुसार पटेलनगर सहित घंटाघर, रिस्पना और कांवली रोड जैसे स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रमिक रोजगार की तलाश में सड़क किनारे एकत्रित होते हैं। ऐसे में इन श्रमिकों की सुरक्षा के लिए शेडयुक्त प्रतीक्षालय अथवा सुरक्षित परिसर विकसित किए जाने की आवश्यकता महसूस की गई है।
दुर्घटना के बाद लीड एजेंसी ने राज्यभर की सिटी बसों की विशेष तकनीकी जांच तथा चालकों के व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाने की सिफारिश भी की है। इसके अतिरिक्त चालकों को पैदल यात्रियों की सुरक्षा के प्रति अधिक संवेदनशील बनाने के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया गया है।
उत्तराखण्ड के परिवहन मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को दुर्घटना राहत निधि से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
परिवहन विभाग ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Voice of Nation News
“सड़क सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।”