आतंकवाद पर डोनाल्ड ट्रंप ने लगाई फटकार,
VON NEWS: “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप” दो दिवसीय भारत दौर के पहले दिन अहमदाबाद पहुंचे. वहां उन्होंने मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम को संबोधित किया. अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने आतंकवाद पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा. पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ एक्शन लेना होगा. पाकिस्तानी मीडिया ने ट्रंप की खबर को जगह तो दी लेकिन खबर में आतंकवाद वाली बात का जिक्र नहीं किया.
डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे की खबर को पाकिस्तानी मीडिया ने कवर तो किया लेकिन वहां के ज्यादातर अखबारों ने आतंकवाद पर ट्रंप के बयान को गायब कर दिया. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ मिलकर उसकी जमीन से आतंकवाद फैलाने वाले ग्रुप का खात्मा करेगा. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पाकिस्तान के ज्यादातर अखबारों ने अपनी रिपोर्ट में इस बात का जिक्र ही नहीं किया.
अमेरिका राष्ट्रपति के भारत दौरे को लेकर ज्यादातर पाकिस्तानी मीडिया ने इस लाइन पर खबर बनाई कि अमेरिका पाकिस्तान के बीच बेहतर संबंध है और दोनों मिलकर इलाके में तनाव को कम करने का प्रयास करेंगे. पाकिस्तान अखबार डॉन ने ट्रंप के आतंकवाद के पूरे बयान का उल्लेख किया, जबकि द एक्सप्रेस ट्रिब्यूट, जिओ न्यूज, द न्यूज और डेली टाइम्स की वेबसाइट्स पर ट्रंप के आतंकवाद वाले बयान को गायब कर दिया गया.
आतंकवाद पर डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने अहमदाबाद में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के दौरान कहा कि अमेरिका-भारत दोनों एक साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे, इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका लड़ाई लड़ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति बोले कि हमारा देश इस्लामिक आतंकवाद का शिकार रहा है, जिसके खिलाफ हमने लड़ाई लड़ी है. अमेरिका ने अपने एक्शन में ISIS को खत्म किया और अल बगदादी का खात्मा किया. डोनाल्ड ट्रंप बोले कि हम आतंक के खिलाफ कड़ा एक्शन ले रहे हैं, पाकिस्तान पर भी अमेरिका ने दबाव बनाया है.
ये भी पढ़ें: शाहिद कपूर की ये फ़िल्में नहीं देखी, तो कुछ मिस कर हैं आप
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ एक्शन लेना होगा, हर देश को अपने सुरक्षित करने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन पाकिस्तान के साथ मिलकर वहां से आतकंवाद फैलाने वाले ग्रुप के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है. ट्रंप ने कहा कि भारत की अधिक जिम्मेदारी बनती है कि वह इस इलाके में आतंकवाद को कम करने के लिए आगे बढ़कर सहयोग करे.
अनुच्छेद 370 हटाने के बाद पाक बौखलाया
बता दें कि भारत ने जब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया तो पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उसने पहले भारत की इस कार्रवाई पर चिंता जताई. फिर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने इसे मुद्दा बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाया लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ी. ज्यादातर देशों ने कश्मीर को भारत का आंतरिक मुद्दा बताकर पाकिस्तानी की अपील को नकार दिया. उसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया.