दुनिया में तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा बनी, हिन्दी जानिए!

नई दिल्ली,VON NEWS: हिन्दी का भाषाई रुतबा हमेशा से अच्छा रहा है। वैश्विक पटल पर भी हिंदी की धमक और चमक लगातार सुनहरी होती जा रही है। हिंदी दुनियाभर के माथे की बिंदी बनती जा रही है। दुनिया की शीर्ष दस सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में तीसरे नंबर पर हिंदी है। खुशी और गर्व की बात है कि दुनिया में सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में भारत की कई भाषाएं हैं। इस सूची में बंगाली भाषा सातवें स्थान पर है। हिंदी को दुनिया भर में 63.7 करोड़ लोग बोलते हैं।

हिंदी के साथ शीर्ष बोली जाने वाली भाषाओं में मराठी, बंगाली, तेलगू, तमिल और पश्चिमी पंजाबी हैं। यही नहीं उर्दू का मान भी बढ़ा है। उर्दू भी दुनिया की शीर्ष बीस भाषाओं में शुमार है। इथेनोलॉग की रिपोर्ट बताती है कि मौजूदा समय में दुनियाभर में 7,117 भाषाएं बोली जाती हैं और भारत में 456 भाषाएं बोली जाती हैं।

23 भाषाएं ऐसी हैं, जिन्हें दुनिया की आधी से अधिक आबादी बोलती है। अगर पहली भाषा (नेटिव) और नॉन-नेटिव स्पीकर के तौर पर देखें तो अंग्रेजी सबसे बड़ी भाषा है, वहीं नेटिव भाषा के रूप में मेंडरिन नंबर एक पर है। दीगर बात यह है कि नेटिव भाषा के तौर पर हिंदी चौथे स्थान पर है, तो दुनिया में सबसे अधिक बोलने वालों की संख्या के लिहाज से यह तीसरे पायदान पर है।

वहीं भारतीय भाषाओं में बंगाली को 26.5 करोड़, मराठी को 9.5 करोड़, तेलुगू को 9.3 करोड़, तमिल को 8.4 करोड़ और पश्चिमी पंजाबी को 8.3 करोड़ लोग बोलते है।

अंग्रेजी को दुनिया भर में 126.8 करोड़ लोग और मेंडरिन को 112 करोड़ लोग बोलते हैं। स्पेनिश और फ्रेंच दुनियाभर में बोली जानी वाली भाषाओं में चौथे और पांचवें नंबर पर हैं। स्पेनिश को 53.8 करोड़ और फ्रैंच को 27.7 करोड़ लोग बोलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button