कोरोना वायरस को लेकर एक मंच पर भारत-पाक!

नई दिल्ली,VON NEWS: कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में भारत और पाकिस्तान आज एक साथ एक मंच पर दिखेंगे।दक्षिण एशिया में साझा रणनीति बनाने की भारत की मुहिम में पाकिस्तान भी शामिल होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस संबंध में रविवार शाम सार्क देशों के प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने इसका आह्वान शुक्रवार को ही किया था जिसका पाकिस्तान के अलावा अन्य सभी देशों ने स्वागत किया था। बाद में पाकिस्तान की तरफ से बताया गया कि प्रधानमंत्री इमरान खान के स्वास्थ्य मामलों पर विशेष सचिव जफर मिर्जा भी इसमें शामिल होंगे। पाकिस्तान सरकार ने इस बारे में भारत को जानकारी भी दे दी है।

यह लंबे अरसे बाद सार्क देशों के बीच होने वाली कोई चर्चा होगी। भारत ने संकेत दिया है कि वह कोरोना वायरस से निपटने के लिए अपने पड़ोसी देशों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ट्विटर पर लिखा था, ‘दुनिया में कोविड-19 नोवल कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई चल रही है। सरकार व जनता कई स्तरों पर इसके खिलाफ पूरी क्षमता से निपटने में लगे हैं। मैं सार्क देशों के नेताओं को प्रस्ताव करता हूं कि हम कोरोना वायरस के खिलाफ एक मजबूत रणनीति बनाएं। हम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अपने नागरिकों को स्वस्थ रखने पर चर्चा कर सकते हैं।’

पीएम मोदी की तरफ से जारी इस बयान के कुछ ही देर बाद श्रीलंका, भूटान, नेपाल, मालदीव, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया और इसमें शामिल होने की इच्छा जताई। अब पाकिस्तान की हां के बाद सभी सार्क देशों के बीच यह वीडियो कांफ्रेंसिंग रविवार शाम पांच बजे तय की गई है। सूत्रों के मुताबिक, जिन मुद्दों पर रविवार को चर्चा हो सकती है उनमें नागरिकों के आवागमन को लेकर ज्यादा सतर्कता बरतने से लेकर एक दूसरे को मेडिकल या दवाइयों की मदद पहुंचाने या अनुभव को साझा करना शामिल रहेगा।

यह भी पढ़े

किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button