फिरोजाबाद में भीषण हादसा: सवारियों से भरे टेंपो पर पलटा ट्रक, जानिए पूरा मामला
VON NEWS: फिरोजाबाद जिले में भीषण हादसा हुआ है। थाना नारखी क्षेत्र के गांव कोटला के नजदीक गुरुवार की सुबह सीमेंट से लदा ट्रक टेंपो पर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार चार लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों के दबे होने की आशंका है। ट्रक के नीचे टेंपो फंसा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने नीचे दबे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही है।
अब तक चार शवों को बाहर निकाला जा चुका है। इन्हें मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे में मरने वालों की अभी पहचान नहीं हुई है। एक घायल व्यक्ति को भी निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल अभी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टेंपो में करीब 10 लोग सवार थे। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें- आगरा: ऑपरेशन में चिकित्सक की बड़ी लापरवाही, मरीज के पेट में छोड़ दिया सर्जिकल ब्लेड
यह हादसा गुरुवार सुबह तकरीबन सवा 11 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार टेंपो फिरोजाबाद की ओर रहा था। तभी पीछे आ रहा ट्रक ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर टेंपो पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था, जिसे देखकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कलेजा कांप गया।
बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को उठवाने के लिए क्रेन बुलवाई, लेकिन ट्रक उठाया नहीं जा सका। इसके बाद दूसरी क्रेन बुलाई गई है। सीमेंट की बोरियां हटाने के बाद एक बच्चे और तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें चार की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि राहत कार्य जारी है।