अब सिर्फ एक दिन होगा रामनगरी में दीपोत्सव,पढ़े पूरी खबर
अयोध्या,VON NEWS: उत्तर प्रदेश में रामनगरी अयोध्या में इस बार कोरोना महामारी के खतरे के कारण दीपोत्सव कार्यक्रम सीमित कर दिया गया है। अब सारे कार्यक्रम सिर्फ 13 नवंबर को ही होंगे। चौथे दीपोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 11 नवंबर से होनी थी, लेकिन कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत सभी प्रस्तावित आयोजनों को निरस्त कर दिया गया है।
रामनगरी में आज यानि बुधवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय दीपोत्सव कार्यक्रम को कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सीमित कर दिया गया है। अब 11 और 12 को होने वाला रामलीला कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया है। अब 13 को ही मुख्य आयोजन होना है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। फिजिकल डिस्टेंसिंग बनाकर और कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए राम की पैड़ी के 24 घाटों पर 10 हजार वॉलिंटियर छह लाख दीप जलाकर अपने बनाए पिछले रिकॉर्ड को तोडेंगे। 12 नवंबर को मंदिरों में दीप जलाए जाएंगे।
.jpg)
रामनगरी अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियां शुरू : रामनगरी अयोध्या में तीन दिवसीय दीपोत्सव कार्यक्रम को कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सीमित कर दिया गया है। हालांकि इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सरयू तट, राम की पैड़ी और हाइवे के एंट्री प्वाइंट सतरंगी रोशनी से जगमगा उठे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। बुधवार की शाम से बाहर से आने वाले लोगों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दीप जलाने वाले सभी वॉलिंटियर को कोविड जांच होने पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
दो दिवसीय रामलीला आयोजन भी स्थगित : अयोध्या शोध संस्थान के प्रबंधक राम तीरथ के मुताबिक कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए अधिकारियों ने नवनिर्मित भजन संध्या स्थल पर होने वाली दो दिवसीय रामलीला के आयोजन को स्थगित कर दिया है। अब 13 को ही मुख्य आयोजन होगा। सुबह 12 बजे साकेत महाविद्यालय से रामायण के प्रसंगों पर आधारित 11 झांकियों को निकाल कर सरयू तट के किनारे बने राम कथा पार्क ले जाया जाएगा।