ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया वेरिएंट मिलने के बाद हाई अलर्ट पर UP सरकार, जानिए
लखनऊ,VON NEWS: ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण का नया वेरियंट मिलने के बाद विश्व में खलबली मची है। ब्रिटेन से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 31 दिसंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार भी कोरोना वायरस के नए वेरियंट को लेकर बेहद सतर्क है। प्रदेश में जांच का दायरा बढ़ाने के साथ ही हर जगह पर इसकी बारीकी से निगरानी की जा रही है।
ब्रिटेन में कोरोना के नए वेरियंट आने के बाद उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में लोगों से पर्याप्त सर्तकता बरतने की अपील की है। बेवजह भीड़-भाड़ वाली जगह पर न जाने और बुजुर्गों व बच्चों को घर से बाहर न निकलने देने की हिदायत दी गई है। अपर मुख्य सचिव सूचना विभाग नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग तो हाई अलर्ट पर हो गया है, इसके साथ अन्य विभागों को ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए वेरियंट मिलने की सूचना के बाद सतर्क कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार हर जगह पर बारीक नजर रखे है।
नवनीत सहगल ने कहा कि सरकार की तरफ से लोगों से बराबर अपील की जा रही है कि सभी लोग अपनी सुरक्षा का ध्यान दें। मास्क लगातार लगाए रखें इसके साथ ही फिजिकल डिस्टेंसिंग तथा कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें। सरकार की तरफ से लगातार रैपिड टेस्ट के साथ ही कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग तथा उपचार का अभियान जारी है। जिलाधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि कोविड का कहीं पर भी सुरक्षा प्रोटोकॉल सुनिश्चित करने में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 का रिकवरी रेट लगातार बेहतर होता जा रहा है। सोमवार को यह 95.65 प्रतिशत था। उत्तर प्रदेश में कोरोना की जांच का आंकड़ा सोमवार को सवा दो करोड़ के पार पहुंच गया। देश में सर्वाधिक जांच करने वाले यूपी में अब तक 2,25,64,828 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है।