किसान आंदोलन का दिखने लगा असर, कश्मीरी सेब बिकने लगा 120 रुपये किलो
बरेली,VON NEWS: दिल्ली में हो रहे किसान आंदोलन के चलते कश्मीरी सेब की आवक जनपद में कम हो गई है। जिसका सीधा असर मंडी के भाव में हो गया है। लोकल स्तर पर हरी सब्जी की आवक शुरू होने से जहां लोगों को राहत मिली थी। वहीं सेब के रेट अब आसमान छूने लगे हैं। फुटकर में कश्मीरी सेब के दाम 120 रुपये किलों तक पहुंच गए हैं।
खाद्य सामग्री और सब्जियों के बाद अब फलों पर भी महंगाई छाई हुई है। फलों में सबसे अधिक कश्मीरी सेब महंगा हुआ है। फुटकर बाजार में कश्मीरी सेब के दाम 100 से 120 रुपये प्रतिकिलो के पार हो गए हैं। बढ़ती कीमतों को दिल्ली में किसानों के आंदोलन का असर बताया जा रहा है। सर्दी का मौसम आते ही फलों की खपत कम हो जाती है।
जिसके चलते दामों में भी गिरावट शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार सर्दियों के सीजन में सभी तरह के फलों के दामों में इजाफा हो गया है। जिसके चलते हर किस्म के फलों पर 20 से 30 फीसदी का इजाफा हो गया है।
देसी सेब के मुकाबले कश्मीरी सेब के दाम काफी अधिक हो गए हैं। शहर के बाजारों में कश्मीरी सेब के दाम 120 रुपये से अधिक हो गए हैं। जिसके चलते सेब की बिक्री कम हो गई है। दरअसल, कश्मीरी सेब के दामों में बढ़ोत्तरी होने से सेब खाने के शौकीनों की जेब पर अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है।
हर साल सर्दियों के मौसम में फलों के दामों में गिरावट हो जाती है। लेकिन इस बार सभी फलों की कीमतों में काफी उछाल हो गया है। ऐसा किसानों के आंदोलन के असर के चलते दिल्ली की ओर से आने वाले सभी तरह के फलों की कीमतों में इजाफा हो गया है। – हनीफ, फल विक्रेता