उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में तड़के से बारिश जारी, पढ़े पूरी खबर

VON NEWS: उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में शनिवार तड़के से बारिश का दौर जारी है। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली की ऊंची चोटियों के साथ, यमुनोत्रीधाम, औली, खरशालीगांव व चकराता के लोखंडी में अच्छी बर्फबारी हुई है। राजधानी देहरादून में भी सुबह करीब साढ़े पांच बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आ गई है।

नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में, रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में व श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। हरिद्वार में सुबह 7:16 बजे तेज बारिश हुई। रुद्रपुर, बाजपुर में कोहरा छाया रहा। नैनीताल, बागेश्वर, डीडीहाट, भीमताल व पिथौरागढ़ में उच्च हिमालयी क्षेत्र में घने बादल छाए हुए हैं, पिथौरागढ़ में निचले इलाकों में हल्के बादल हैं, धूप निकली है। जसपुर, गरमपानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है।

मैदानी क्षेत्रों में बढ़ेगी ठंड

प्रदेश के कई मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में एकाएक गिरावट आ सकती है। इससे सर्दी बढ़ने की आशंका है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों को सर्दी से बचाव और अतिरिक्त सावधानी बरतने का सुझाव भी दिया है।

मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, आज भी कुछ इलाकों में हल्के बादल छाये रह सकते हैं। राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में बारिश भी हो सकती है। रात से अगले 12 घंटों के दौरान गढ़वाल के कई इलाकों में बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा ओले और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 15 दिसंबर तक पहाड़ के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में आ सकती है कमी

तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ भी गिर सकती है। दूसरी ओर, रविवार 13 दिसंबर से हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और पौड़ी व नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है। अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक कम रह सकता है। जिससे दिन का औसत तापमान 15 डिग्री के आसपास तक पहुंच सकता है

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button