प्रधानमंत्री आज इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल का करेंगे उद्घाटन, पढ़े पूरी खबर
VON NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल- 2020 (IISF 2020) का शुभारंभ करेंगे। इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन ने अपने ऑफिशियल ट्वीटर अकाउंट से ट्वीट कर जानकारी साझा की है। पीएम द्वारा वीडियो कॉन्फेरेंसिंग के माध्यम से शाम 4:30 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन होगा।
‘आत्मनिर्भर भारत और विश्व कल्याण के लिए विज्ञान’ विषय पर आधारित इस महोत्सव का उद्घाटन 22 दिसंबर को प्रसिद्ध गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर होगा और समापन 25 दिसंबर को भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू समापन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री डा. हर्षवर्धन ने छठे इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2020 विज्ञान के दृष्टिकोण से काफी अहम है।
इस वर्ष कोरोना वायरस महामारी संकट के बीच विज्ञानियों ने जिस प्रकार से मानव जीवन को बचाने में विज्ञान की शक्ति दिखाई है, ऐसे में इसे विज्ञानियों और विज्ञान का वर्ष कहा जा सकता है। विज्ञानियों की मेहनत से हमने कम समय में पीपीई किट, वेंटिलेटर जैसी आवश्यक चीजों को तैयार किया है। वैक्सीन बनाने के भी हम काफी करीब हैं।
हर्षवर्धन ने कहा कि आईआईएसएफ एक वार्षिक आयोजन है। यह भारत सरकार की पहल पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, जैव प्रौद्योगिकी विभाग, विदेश मंत्रालय, वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद और विज्ञान भारती के साथ ही बड़ी संख्या में अन्य संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जाता है।
इस साल आईआईएसएफ- 2020 की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर हो रही है। इसका समापन 25 दिसंबर, 2020 को देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर होगा।