दुनियाभर में ‘मास्टर’ ने की तूफ़ानी कमाई, जानें- हिंदी क्षेत्रों में क्या हुआ हाल

नई दिल्ली,VON NEWS: पोंगल और मकर संक्रांति के अवसर पर रिलीज़ हुई तमिल फ़िल्म मास्टर ने दुनियाभर में तूफ़ानी कमाई करके पैनडेमिक से उबर रही फ़िल्म इंडस्ट्री को आशा की किरण दिखायी है। ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो विजय और विजय सेतुपति की इस फ़िल्म ने 100 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन वर्ल्डवाइड किया है। हालांकि, हिंदी पट्टी में मास्टर का विजय अभियान थम गया और फ़िल्म ने रिलीज़ के चार दिनों में बेहद कम कलेक्शन किया।

दक्षिण भारत में मास्टर 13 जनवरी को रिलीज़ हुई थी और इसे 5 दिन लम्बा ओपनिंग वीकेंड मिला। फ़िल्म को लेकर ज़बरदस्त उत्साह के चलते मास्टर ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में पहले दिन धमाकेदार शुरुआत की। बॉक्स ऑफ़िस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मास्टर ने पहले दिन देशभर में 35.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। यह कलेक्शन तब है, जब सिनेमाघरों में 50 फीसदी क्षमता के साथ ही फ़िल्म चल रही है। तमिलाडु में फ़िल्म का ओपनिंग नेट कलेक्शन 20-21 करोड़ रहा था। ट्रेड विश्लेषकों के अनुसार, मास्टर ने रिलीज़ के सिर्फ़ 3 दिनों में 15 जनवरी तक दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया।

अगर 5 दिनों के कलेक्शन देखें तो ट्रेड जानकार कौशिक एलएम के अनुसार, तमिलनाडु में फ़िल्म ने 82 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है। सिर्फ़ चेन्नई शहर में फ़िल्म ने 5.43 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। हर दिन फ़िल्म का कलेक्शन एक करोड़ से अधिक रहा है, जो इसके मजबूती से बने रहने की मिसाल है।

अगर ओवरसीज़ की बात करें तो विश्लेषक तरण आदर्श के मुताबिक, न्यूज़ीलैंड में फ़िल्म का 5 दिनों का कलेक्शन 64.71 लाख रुपये हो गया है। ऑस्ट्रेलिया में फ़िल्म 3.85 करोड़ रुपये जमा कर चुकी है। हिंदी पट्टी में फ़िल्म विजय द मास्टर के नाम से 14 जनवरी को रिलीज़ की गयी थी। हालांकि, उत्तर भारत में फ़िल्म का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हिंदी वर्ज़न ने रिलीज़ के तीन दिनों में 1.15 करोड़ रुपये जमा किये। वहीं, तमिल और तेलुगु वर्ज़नों ने शेष भारत में 1.35 करोड़ ही जमा किये। यह 14-17 जनवरी तक का कलेक्शन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button