31 मार्च तक हाउस टैक्स न देने पर लगेगा 15 हजार तक जुर्माना
देहरादून,VON NEWS: अगर आपने अभी तक हाउस टैक्स जमा नहीं कराया है तो तत्काल नगर निगम की दौड़ लगा लें। टैक्स वसूली में कड़े प्रावधानों के तहत निगम 31 मार्च के बाद हर बकायेदार से 15 हजार रुपये तक बतौर जुर्माना लेगा। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने इसके आदेश जारी कर दिए।
टैक्स वसूली के लिए नगर निगम वार्डों में मुनादी कराएगा। सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मुनादी कराएं और टैक्स जमा नहीं करने वालों की सूची तैयार करें। इतना नहीं बड़े बकायेदारों की सूची बनाने के लिए भी कहा गया है। इन्हें नोटिस भेजे जा रहे और टैक्स जमा नहीं करने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
वित्तीय वर्ष पूरा होने में महज 20 दिन का समय शेष बचा है व अब तक 35 फीसद भवन स्वामियों ने नगर निगम में टैक्स नहीं जमा कराया। निगम का सालाना वसूली का लक्ष्य 75 करोड़ रुपये का है, जो अब तक 42 करोड़ रुपये ही हुआ है। निगम हर बार टैक्स में मिलने वाली 20 फीसद छूट मार्च के अंतिम दिन तक देता था, मगर इस बार निगम ने यह समय-सीमा 20 मार्च रखी थी। इसके बाद 21 मार्च से पूरा टैक्स जमा किया जाएगा।
हालांकि, पार्षदों ने छूट का समय 31 मार्च तक बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन महापौर सुनील उनियाल गामा इससे इन्कार कर चुके हैं। अब नगर आयुक्त द्वारा टैक्स न देने वाले लोगों पर जुर्माने का नया आदेश जारी किया गया है। इसमें 31 मार्च तक टैक्स जमा न करने पर 200 रुपये से 15 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
नगर आयुक्त ने कहा कि अगर इस बार 50 करोड़ का लक्ष्य भी पूरा हो जाता है तो यह निगम की बड़ी उपलब्धि होगी। इससे पहले तक निगम केवल 25 करोड़ टैक्स वसूली कर पाता था, जो इस वर्ष 42 करोड़ रुपये हो चुकी है।
यह भी पढ़े