गैरसैंण के विकास को बनेगी विशेषज्ञ कमेटी
देहरादून,VON NEWS: गैरसैंण (भराड़ीसैंण) को उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किए जाने के बाद अब सरकार जल्द ही अधिसूचना जारी करेगी। इसके साथ ही गैरसैंण और उसके आसपास के क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का खाका खींचने के मद्देनजर विशेषज्ञ कमेटी गठित की जाएगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि विशेषज्ञों की राय के मुताबिक इस क्षेत्र को विकसित कर गैरसैंण को भविष्य का बेस्ट डेस्टिनेशन बनाने की सरकार की मंशा है। गैरसैंण में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान चार मार्च को वित्तीय वर्ष 2020-21 का बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सदन में घोषणा की थी कि गैरसैंण राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी होगी। अब सरकार इसके विकास का खाका खींचने में जुट गई है।
इसके लिए राज्य राजधानी क्षेत्र के साथ ही तमाम विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के मद्देनजर कार्ययोजना तैयार करने की कसरत चल रही है। विधानसभा में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अब गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी का नोटिफिकेशन होगा। इसके साथ ही वहां राजधानी के हिसाब से सुविधाएं और क्षेत्र के विकास के मद्देनजर विशेषज्ञों की कमेटी गठित की जाएगी।
सरकार के प्रवक्ता कौशिक के अनुसार जल्द होने वाली कैबिनेट की बैठक में भी गैरसैंण के विकास के मद्देनजर चर्चा होगी। अधिकारियों से भी विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य पूरी तैयारी के साथ किए जाएंगे।
यह भी पढ़े