यूपी गेट होकर ना करें दिल्ली से आवाजाही, पढ़े पूरी खबर

नई दिल्ली,VON NEWS: तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर आंदोलनरत किसानों ने मंगलवार सुबह रामपुर में साथियों के ट्रैक्टर-ट्रॉली रोके जाने का आरोप लगाते हुए यहां दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्ग-9 की दिल्ली से आने वाली सभी लेन जाम कर दी है। किसान हाईवे पर बैठकर नारेबाजी कर रहे हैं। रामपुर में गाड़ियों के छोड़े जाने के बाद ही हाईवे से हटने की बात कर रहे हैं। इससे वाहन चालक यूपी गेट होकर दिल्ली से आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें काफी दिक्कत हो रही है।

यूपी गेट पर आंदोलनरत किसानों को मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली की यहां आ रहे उनके साथियों को रामपुर में प्रशासन द्वारा रोक लिया गया है। इससे वह भड़क उठे। गुस्साए किसानों ने दिल्ली से आने वाली हाईवे की सभी लेनों को भी बंद कर दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बस खड़ी कर दिया।

किसान हाईवे पर ही बैठ गए हैं। किसानों का कहना है कि प्रशासन उन्हें परेशान कर रहा है। आंदोलन को कमजोर करने के लिए यहां उनके साथियों को नहीं आने दिया जा रहा है। इसी के तहत जगह-जगह साथियों को रोका जा रहा है।

बता दें कि कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर 28 नवंबर से किसान आंदोलन कर रहे हैं। दो दिसंबर तक किसानों का यूपी गेट पर फ्लाईओवर के नीचे कब्जा था। इस ओर से कोई भी वाहन चालक दिल्ली नहीं जा पा रहा था। तीन दिसंबर से किसानों ने फ्लाईओवर के ऊपर दिल्ली जाने वाली लेने पर कब्जा कर लिया था।

तब से वाहनचालक यहां से दिल्ली नहीं जा पा रहे हैं। दिल्ली से आने वाली लेनों पर आवाजाही सामान्य थी। मंगलवार सुबह विरोध में उसे भी बंद कर दिया है। इसके पहले सोमवार शाम को भी काफिले को रोके जाने पर दिल्ली से आने वाली जिनको करीब डेढ़ घंटे तक बंद कर प्रदर्शन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button