नगर परिक्रमा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

देहरादून,VON NEWS: सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ा और गुरु के जयकारों से गुंजायमान हुई द्रोणनगरी। कुछ ऐसा ही नजारा दून में रविवार को झंडेजी के आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा में देखने को मिला। इसमें सबद गायन करते नंगे पैर चलती संगत गुरु महाराज पर पुष्प वर्षा कर रही थी। साथ ही गुरु की राहों में फूल बिछाए हुए चल रहे श्रद्धालुओं के विश्वास और उल्लास से पूरा वातावरण महक रहा था। नगर परिक्रमा जिस रास्ते से होकर भी गुजरी, वहां लोग श्रद्धा से शीश झुकाए नजर आए। शहर में विभिन्न जगहों पर श्री महंत और संगत का भव्य स्वागत किया गया।

दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुआई में भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह जगह संगत का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। दरबार साहिब परिसर से सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई नगर परिक्रमा में संगतें शमिल हुई। दरबार साहिब प्रबंधक केसी जुयाल ने बताया कि परंपरानुसार झंडाजी आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। नगर परिक्रमा में श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुआई में संगत नगर की परिक्रमा करती है। नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल होते हुए निकल रही है। यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया गया। दरबार साहिब की जय…, झंडेजी महाराज की जय.…आदि के जयकारे लगाए।

एसजीआरआर बिंदाल से तिलक रोड, टैगोर-विला, घन्टाघर, पल्टन बाजार होते हुए संगतें लक्खीबाग पहुंचेगी। ब्रहमलीन श्री महंतों की समाधि पर माथा टेकने के बाद दोपहर तक नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब पहुंचकर सम्पन्न होगी। इसके बाद संगत प्रसाद ग्रहण कर विदा होगी।

यह भी पढ़े

स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में शीर्ष से दो पायदान दूर देहरादून 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button