इन राज्यों में तेज गरज के साथ बारिश के आसार, पढ़िए पूरी खबर

नई दिल्‍ली,VON NEWS: देश के अधिकांश हिस्‍सों में ठंड धीरे-धीरे कम हो रही है। देश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में लगातार बदलाव हो रहा  है। वहीं इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि मध्‍य महाराष्‍ट्र और मराठवाड़ा में गुरुवार को तूफान व तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान इन इलाकों में ओले भी गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग  के अनुसार दक्षिण पूर्वी व उत्‍तर पश्चिमी मध्‍य प्रदेश और पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के कई हिस्‍सों में भी तेज गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही उत्‍तराखंड के कुछ इलाकों में भी तूफान और बारिश के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान लगाया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार ओडिशा के ऊपर एक विपरीत चक्रवात बना हुआ है। जबकि विदर्भ में भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। इस चक्रवाती सिस्टम से केरल तक एक ट्रफ बनी है। यह सिस्टम अगले तीन दिनों तक सक्रिय रहने की आशंका जताई गई है। इसके प्रभाव के कारण मध्य और पूर्वी राज्यों में बारिश देखने को मिलेगी।

अगले 24 घंटों में इन राज्यों में बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ भागों में तेज गरज के साथ वर्षा जारी रहने की संभावना है। इन भागों में एक-दो स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं। छत्तीसगढ़, दक्षिणी मध्य प्रदेश, उत्तरी तेलंगाना और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, दक्षिणी कोंकण गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और दक्षिणी तटीय तमिलनाडु में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

इन राज्यों में हुई हल्की बारिश

पिछले 24 घंटों में अंडमान व निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज गरज के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बीते 24 घंटों में हल्की बारिश हुई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button