ममता के गढ़ में अमित शाह ने लगवाए जय श्रीराम के नारे, कहा- पश्चिम बंगाल से टीएमसी को उखाड़ फेकेंगे!

VON NEWS: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। पश्चिम बंगाल में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नामखाना में एक रैली को संबोधित किया। शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जय श्री राम का नारा लगता है, तो दीदी बोलती है कि उनका अपमान करते हैं। अमित शाह ने टीएमसी को घेरते हुए रैली में जय श्री राम के नारे भी लगवाए। शाह ने कहा कि ये नारा हमारी यात्रा का प्रतीक है। हम संकल्प करते हैं कि पश्चिम बंगाल से टीएमसी को उखाड़ फेकेंगे।

अपने बंगाल दौरे पर अमित शाह ने कहा कि हमारा लक्ष्य सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि गरीब जनता की स्थिति में सुधार लाना है। बंगाल की माताओं-बहनों की स्थिति में परिवर्तन हो। इसलिए हम परिवर्तन यात्रा लेकर आए हैं।

शाह का एलान, मछुआरों को दिए जाएंगे 6000 सालाना

गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर मछुआरों को हर साल 6000 रुपये दिए जाएंगे, बिल्कुल वैसे ही जैसे किसानों को सम्मान निधि मिलती है। शाह ने कहा कि मछुवारे भाइयों को नाव चलाने के लिए किसी को रिश्वत न देनी पड़े, ये परिवर्तन है।आदिवासियों को रहने के लिए कट मनी न देनी पड़े, इसे परिवर्तन कहते हैं। प्राकृतिक आपदा के समय आपका अधिकार कोई और न ले जाए, इसे परिवर्तन कहते हैं।

भाजपा के दबाव में सरस्वती पूजा कर रहीं ममता दीदी 

बंगाल के नामखाना में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ममता बनर्जी पर निशाना साधा। कहा कि  बंगाल में दुर्गा पूजा के लिए कोर्ट से अनुमति लेनी होती है। दीदी ने स्कूलों में सरस्वती पूजा बंद करा दी गई, भाजपा के दबाव के बाद दीदी सरस्वती पूजन करती दिखी हैं। जय श्रीराम का नारा लगाने पर दीदी को गुस्सा आ जाता है। अमित शाह ने कहा कि हम बंगाल में तुष्टिकरण खत्म करेंगे ताकि लोग सरस्वती पूजा-राम नवमी को मना पाएं। दुर्गा पूजा करने के लिए किसी से अनुमति ना लेनी पड़े।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button