मानसून में सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, देहरादून में देर रात चला विशेष अभियान; 105 वाहनों के चालान, 15 सीज
आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला ने स्वयं संभाली कमान, चार प्रवर्तन टीमों ने शहर के संवेदनशील मार्गों पर चलाया व्यापक रात्रिकालीन चेकिंग अभियान
मानसून में सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, देहरादून में देर रात चला विशेष अभियान; 105 वाहनों के चालान, 15 सीज
आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला ने स्वयं संभाली कमान, चार प्रवर्तन टीमों ने शहर के संवेदनशील मार्गों पर चलाया व्यापक रात्रिकालीन चेकिंग अभियान
देहरादून | वॉयस ऑफ नेशन (मनीष वर्मा)
मानसून के दौरान बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए परिवहन विभाग ने देहरादून में विशेष रात्रिकालीन सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में गुरुवार देर रात तक शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं व्यस्त मार्गों पर व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान डॉ. अनीता चमोला स्वयं विभिन्न चेकिंग स्थलों पर पहुंचीं और वाहनों की तकनीकी फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों तथा आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच कर अधिकारियों को सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन चालकों को मानसून के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग, वाहन की नियमित जांच तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।

चार विशेष प्रवर्तन टीमों ने संभाला मोर्चा
अभियान के लिए परिवहन विभाग ने चार विशेष प्रवर्तन टीमों का गठन किया था। इनमें एआरटीओ (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह की प्रवर्तन टीम, परिवहन कर अधिकारी एम. डी. पपनोई की डायनेमिक टास्क फोर्स (आशारोड़ी), परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत की डायनेमिक टास्क फोर्स तथा इंटरसेप्टर प्रभारी परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत की टीम ने समन्वित रूप से विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया।

इन स्थानों पर हुई व्यापक जांच
हरिद्वार बाईपास रोड, कारगी चौक, आईएसबीटी, टर्नर रोड, शिमला बाईपास चौक, शिमला बाईपास रोड, मेहूंवाला तथा पित्थूवाला सहित कई प्रमुख मार्गों पर व्यावसायिक एवं निजी वाहनों की सघन जांच की गई।

सुरक्षा मानकों पर विशेष फोकस
अभियान के दौरान वाहनों में वाइपर, हेडलाइट, इंडिकेटर, फ्लैशलाइट, ब्रेक, टायर, रिफ्लेक्टर, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, ओवरलोडिंग तथा अन्य सुरक्षा मानकों की विशेष जांच की गई। जिन वाहनों में वाइपर खराब मिले, आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं थे या हाई-बीम का अनुचित उपयोग किया जा रहा था, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। गंभीर अनियमितताओं वाले वाहनों को सीज भी किया गया।
विशेष अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने कुल 105 वाहनों का चालान किया, जबकि 15 वाहनों को गंभीर अनियमितताओं के चलते सीज किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे विशेष एवं आकस्मिक अभियान जारी रहेंगे।

डॉ. अनीता चमोला ने क्या कहा
डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि मानसून के दौरान फिसलन, कम दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में वाहन की तकनीकी फिटनेस, कार्यशील वाइपर, बेहतर ब्रेक, सही टायर और उचित प्रकाश व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं की रोकथाम कर नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।

वाहन चालकों से अपील
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से मानसून के दौरान वाहन की नियमित तकनीकी जांच कराने, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, अनावश्यक हाई-बीम का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए जनपद में आगे भी विशेष रात्रिकालीन एवं आकस्मिक प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।