मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की आहट ! मानसून सत्र से पहले सियासी हलचल तेज, कई मंत्रियों की छुट्टी और नए चेहरों की एंट्री की चर्चा

मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की आहट! मानसून सत्र से पहले सियासी हलचल तेज, कई मंत्रियों की छुट्टी और नए चेहरों की एंट्री की चर्चा

देहरादून/नई दिल्ली/नागपुर ( मनीष वर्मा ) वॉयस ऑफ़ नेशन

देश की राजधानी के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है और उससे पहले केंद्र सरकार में व्यापक बदलाव की अटकलें जोर पकड़ रही हैं।

भाजपा के अंदरूनी सूत्रों और राष्ट्रीय राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चाओं के अनुसार, इस बार केवल कुछ मंत्रालयों में बदलाव ही नहीं, बल्कि कई बड़े चेहरों की विदाई और युवाओं को अवसर मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। चर्चा यह भी है कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के उद्देश्य से कुछ वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी पहले भी बड़े राजनीतिक अवसरों पर साहसिक फैसले लेते रहे हैं। वर्ष 2021 में मानसून सत्र से पहले हुए व्यापक मंत्रिमंडल विस्तार में कई वरिष्ठ मंत्रियों को हटाकर बड़ी संख्या में नए चेहरों को शामिल किया गया था। इसी अनुभव के आधार पर इस बार भी बड़े बदलाव की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है।

सूत्रों के अनुसार, केवल केंद्रीय मंत्रिमंडल ही नहीं बल्कि कुछ राज्यों में  जिनके नाम अखबारों की सुर्खिया बने है, में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं ।

कुछ चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि किसी प्रभावशाली नेता को महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि इन सभी दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों, संगठनात्मक समीकरणों, क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन, कुछ मंत्रियों की राज्यसभा सदस्यता समाप्त होने , कुछ केंद्रीय मंत्रियों को प्रदेशों में संगठन में दायित्व देने तथा सरकार के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं।

अब सभी की निगाहें आगामी दिनों पर टिकी हैं। क्या मानसून सत्र से पहले मोदी सरकार बड़ा राजनीतिक संदेश देगी, या फिर इन चर्चाओं पर विराम लगेगा? इसका जवाब जल्द सामने आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button