रुद्रपुर में युवक को ब्याज पर एक लाख लोन लेना पड़ा महंगा, जाने पूरा मामला

रुद्रपुर,VON NEWS: रुद्रपुर के पहाड़गंज निवासी युवक को ब्याज पर एक लाख रुपये लेना महंगा पड़ गया। ब्याज न चुकाने पर सूदखोर पीड़ित की कार उठा ले गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित सूदखोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पहाड़गंज, वार्ड 15 निवासी अयूब अंसारी पुत्र छोटे अंसारी ने बताया कि तीन अप्रैल 2020 को उसने आईडिया कॉलोनी, बगवाड़ा निवासी हैप्पी से पांच प्रतिशत ब्याज में एक लाख रुपये लिए। इस दौरान उसने उससे बैंक ऑफ बड़ोदा का ब्‍लैंक चेक भी लिया। अयूब के मुताबिक बीच में वह दो माह का ब्याज नहीं दे पाया।

आरोप है कि इससे नाराज सूदखोर बीते दिनों उसकी कार को जबरन ले गया। उसके विरोध करने पर हाथापाई पर उतर आया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित सूदखोर हैप्पी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोतवाल एनएन पंत ने बताया कि केस दर्ज किया है। जांच एसएसआई सतीश कापड़ी को दी गई है। जांच के बाद आरोपित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button