देहारदून में महिला की पिटाई कर जबरन पिलाया फिनाइल, जानिए पूरा मामला
देहरादून,VON NEWS: दहेज उत्पीड़न, पिटाई और फिनाइल पिलाने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने पति सहित 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विजय कॉलोनी, नई बस्ती निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी रवि कुमार से 16 नवंबर 2017 को हुई थी। शादी के बाद उसकी एक बेटी हुई, लेकिन आरोपितों ने दहेज को लेकर कुछ दिनों बाद ही उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
महिला ने बताया कि सात जनवरी 2018 को जब उसे टायफाइड हुआ तो आरोपितों ने उसका इलाज नहीं कराया और खाना तक नहीं दिया। उसने अपने मायके आकर इलाज करवाया। दो जून 2018 को आरोपित उसके मायके पहुंचे, उस समय उसकी मां घर पर नहीं थी। आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से उसकी पिटाई की और जबरन फिनाइल पिला दिया। उसकी मां ने उसे कोरोनेशन अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसका इलाज चला।
पीडि़त ने बताया कि उसने अदालत में वाद दायर कर दिया, लेकिन आरोपितों ने आगे से पिटाई न करने की बात कहकर समझौता करवा दिया। नौ नवंबर 2018 को वह ससुराल चली गई, लेकिन कुछ दिन ठीक रहने के बाद आरोपितों ने दोबारा दहेज की मांग करते हुए उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी।