बिजनौर में दर्दनाक हादसा, दो कारों में आमने-सामने की भिड़ंत, पढ़े पूरा मामला
VON NEWS: उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्योहारा में तेज रफ्तार से आ रहीं दो कारों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मुरादाबाद स्योहारा मार्ग पर बुधवार सुबह स्योहारा और सहसपुर के बीच गांव सुल्तानपुर स्थित लक्ष्य पब्लिक स्कूल के सामने मुरादाबाद की ओर से आ रही कार की दूसरी कार से भिड़ंत हो गई। दूसरी कार धामपुर की ओर से आ रही थी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि हादसे की आवाज दूर तक गई। हादसे में दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए।
सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को दोनों कारों से बाहर निकला। इसके बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक कार में सवार नमनपाल पुत्र विनोद (28 वर्ष) निवासी गांव बन्तीखेड़ा थाना बाबरी जिला शामली हाल पता रामधाम कॉलोनी रावली महदूद जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) और संदीप पुत्र धर्मवीर (30 वर्ष) निवासी गांव तावली थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंकित कुमार पुत्र परमवीर सिंह (26 वर्ष) निवासी किशोरी थाना जानी जनपद मेरठ और दीपक सिंह पुत्र रामबहादुर सिंह (25 वर्ष) निवासी बछुआपुर जिला सिवान (बिहार) गंभीर घायल हुए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।