पति ने पत्नी को सरयू नहर में फेंका, जानिए पूरा मामला
श्रावस्ती,VON NEWS: सोनवा थाना क्षेत्र के तुरहनी बलराम गांव के पास पति ने अपनी पत्नी को जान से मारने के लिए सरयू नहर में फेंक दिया। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने उसे नहर से बाहर निकाल कर पुलिस के हवाले कर दिया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
बिहार प्रांत के लखी सराय जिले के सूरजगढ़ा थाना क्षेत्र के अवगीला गांव की रहने वाली कर्मीला पुत्री सूखा पासवान की शादी करीब 20 साल पहले भिनगा कोतवाली क्षेत्र के गोड़ियनपुरवा खरगौरा निवासी किशोरी के साथ हुई थी। दो फरवरी को पति-पत्नी बहराइच गए थे।
लौटते समय देर रात पति किशोरी ने पत्नी कर्मीला को तुरहनी बलराम गांव के पास सरयू नहर की मुख्य शाखा में जान से मारने की नीयत से फेंक दिया। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे राहगीर महिला की चीख-पुकार सुनी तो उसे बाहर निकाला। यूपी-112 पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस थाने पर ले आई। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता को बहराइच में रह रही उसकी पुत्री को पुलिस ने सौंप दिया है।
घटना के बाद आरोपित पति फरार है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित पति की तलाश भी की जा रही है। नहर में फेंकने के पीछे क्या कारण है, इसकी भी तहकीकात की जा रही है।