दुनिया में सबसे तेजी से 40 लाख लोगों का कोरोना टीकाकरण वाला देश बना भारत!

नई दिल्ली,VON NEWS: भारत दुनिया में सबसे तेजी से 40 लाख लोगों का कोरोना टीकाकरण करने वाला देश बन गया है। 18 दिनों में यह उपलब्धी हासिल हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि देशव्यापी अभियान के तहत आज सुबह तक 41 लाख से अधिक लाभार्थियों का टीकाकरण हो चुका है। एक फरवरी को, भारत कोरोना टीकाकरण के मामले में शीर्ष पांच देशों में शामिल हो गया। भारत में  टीकाकरण अभियान में तेजी जारी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुधवार तक देश भर में 41 लाख 38 हजार 918 लाभार्थियों का टीकाकरण हो चुका है। 24 घंटे के दौरान  3,845 सत्रों में 1,88,762 स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया गया। अब तक कुल 76,576 सत्र आयोजित किए गए हैं। हर दिन टीका लगाने वाले लाभार्थियों की संख्या में वृद्धि हो रही है।

मंत्रालय के अनुसार कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई अन्य मोर्चों पर भी सफल दिख रही है।अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड, लक्षद्वीप, लद्दाख (यूटी), सिक्किम, मणिपुर, पुदुचेरी, गोवा, ओडिशा और असम सहित चौदह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के कारण किसी भी मौत की सूचना नहीं है। हर दिन ठीक होने मरीजों की संख्या बढ़ रही है और मृत्यु दर में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। भारत में सक्रिय मामलों में गिरावट जारी है। देश के सक्रिय मामले गिरकर 1,60,057  हो गए हैं और यह कुल मामलों के 1.5 प्रतिशत से भी कम है।

देश में 24 घंटे की अवधि में कुल 11,039 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 14 हजार 225 मरीज ठीक भी हुए। इसके चलते एक्टिव केस में 3296 की गिरावट आई है। एक करोड़ चार लाख 62 हजार 631 मरीज संक्रमण से उबर गए हैं। रिकवरी लेट 97.08 फीसद है। एक्टिव केस और रिकवर्ड केस में फासला लगातार बढ़ रहा है। 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पांच हजार से कम एक्टिव केस हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button