रिहाना के बाद इन हस्तियों ने किया किसान आंदोलन का समर्थन,पढ़िए पूरी खबर

नई दिल्ली,VON NEWS:  भारत सरकार के लिए इस समय किसान आंदोलन बड़ी समस्या बना हुआ है। इस आंदोलन की गूंज अब दुनियाभर में सुनाई देनी लगी है। किसान आंदोलन को लेकर अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी अपनी प्रतिक्रिया दे रही हैं। इन हस्तियों में अब हॉलीवुड सितारे भी शामिल हो गए हैं। मंगलवार को मशहूर पॉप सिंगर रिहाना ने ट्विटर पर किसान आंदोलन का समर्थन किया। इसके बाद दुनियाभर में इस आंदोलन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं रिहाना के बाद हॉलीवुड के कई सितारों ने किसानों आंदोलन के समर्थन में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। हम आपको उन्हीं सितारों से रूबरू करवाते हैं।

मशहूर अभिनेत्री, मॉडल और बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस की ‘जुड़वा’ के नाम से मशहूर अमांडा सेर्नी ने किसान आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अमांडा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तीन वृद्ध महिलाओं की तस्वीर को साझा किया है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘पूरी दुनिया देख रही है। इस मुद्दे को समझने के लिए आपको भारतीय, पंजाबी या फिर दक्षिणी एशियाई होने की जरूरत नहीं है। आपके पास केवल मानवता की भावना होना चाहिए। बोलने के अधिकार, प्रेस के अधिकार, वर्कर्स के लिए समानता और गरिमा जैसे आम अधिकारों की हमेशा मांग करिए।’

वहीं मशहूर यूट्यूबर लिली सिंह ने भी किसान आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने रिहाना के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए उनका शुक्रिया भी अदा किया है। लिली सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘शुक्रिया रिहाना। यह यह मानवता का मुद्दा है’। वहीं रिहाना के ट्वीट करने के बाद मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी भारत में जारी किसानों के आंदोलन को लेकर ट्वीट किया है। ग्रेटा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘हम भारत में जारी किसानों के आंदोलन के साथ एकजुटता के साथ खड़े हैं’।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button