आर्मी स्टाफ के नए वाइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती, फरवरी से संभालेंगे कमान
नई दिल्ली,VON NEWS: लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती (Lt Gen CP Mohanty) आर्मी स्टाफ के अगले वाइस चीफ का कमान संभालने वाले हैं। आगामी 1 फरवरी को वे इस पद का शपथ लेंगे। फिलहाल वे सदर्न आर्मी कमांडर हैं और वे लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी का स्थान लेनेवाले हैं।
बता दें कि लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती सेना के 42वें वाइस चीफ होंगे। लेफ्टिनेंट जनरल मोहंती को पाकिस्तान और चीन के साथ सीमाओं और असम में सक्रिय आतंकवाद रोधी अभियानों में अनुभव है। उन्होंने कांगो में एक बहुराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र ब्रिगेड का नेतृत्व भी किया है।
पिछले सप्ताह जनरल मोहंती ने कहा था कि सेना बल का आधुनिकीकरण करने तथा चीन एवं पाकिस्तान की ओर से उत्पन्न होने वाले खतरों से एक साथ निबटने की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है।इसका खुलासा ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा उन्हें शुभकामनाएं देने के बाद हुई। लेफ्टिनेंट मोहंती का जन्म ओडिशा में हुआ था।
पटनायक ने लिखा, ‘ओडिशा में जन्मे चंडी प्रसाद मोहंती को सेना का अगला उप प्रमुख चुने जाने पर बधाई। ओडिशा के लिए यह गर्व का दिन है। आप अपनी नई जिम्मेदारी को अच्छे से निभाएं यह आशा है।’ सीपी मोहंती का जन्म ओडिशा के जगतसिंहपुर के जयबाड़ा गांव में हुआ था।