भूकंप से दहला इंडोनेशिया, 35 की मौत और सैकड़ों घायल; जानिए पूरा मामला

VON NEWS: दक्षिण पूर्व एशियाई देश इंडोनेशिया का सुलावेसी द्वीप गुरुवार देर रात आए शक्तिशाली भूकंप से दहल गया। भूकंप के चलते 35 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों घायल हो गए। 6.2 की तीव्रता वाले भूकंप के चलते सैकड़ों घर भी तबाह हो गए।

मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। भूकंप को करीब सात सेकेंड तक महसूस किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भूकंप के और तेज झटके लग सकते हैं। इससे सुनामी का खतरा बढ़ सकता है।

अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र पश्चिम सुलावेसी प्रांत के मामुजु में दस किलोमीटर की गहराई में था। गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे भूकंप के तेज झटके महसूस होने पर हजारों लोग घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। भूकंप से 300 से ज्यादा घर और दो होटल क्षतिग्रस्त हो गए।

एक अस्पताल और क्षेत्रीय गवर्नर के दफ्तर को भी नुकसान पहुंचा है। कुछ पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। वेस्ट सुलावेसी की राहत आपदा एजेंसी के प्रमुख डेर्नो मजीद ने बताया कि माजीन और समीप के मामुजु जिले में 35 लोगों की जान गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, 637 लोग घायल हुए हैं। भूकंप के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी हुई। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में द्वीप पर हर तरफ तबाही का मंजर दिखाई दिया। इस क्षेत्र में एक दिन पहले भी 5.9 की तीव्रता वाला भूकंप महसूस किया गया था। गुरुवार देर रात आए भूकंप के बाद 26 झटके महसूस किए गए। और भूकंप आने की आशंका में करीब 15 हजार लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button