पर्यटकों को खूब भा रहा भूमियाधार का सेल्फी प्वाइंट, जानिए खास बात!
नैनीताल,VON NEWS: भवाली-नैनीताल रोड पर भूमियाधार पर्यटन स्पॉट के रूप में उभर रहा है। इस स्थल से भूमियाधार, गेठिया, ज्योलीकोट से हल्द्वानी तक का दिखने वाला विहंगम नजारा पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। रोजाना सैकड़ो पर्यटक इस स्थल पर रुक कर प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा लेते है। अब इस स्थल को भीमताल ब्लाक द्वारा सेल्फी और व्यू प्वाइंट के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही इस स्थल पर पहाड़ी उत्पादों के स्टाल लगाने की भी योजना है
भवाली-नैनीताल रोड पर आवागमन करने वाले पर्यटकों को भूमियाधार स्थित एक मोड़ अपनी ओर आकर्षित करता है। इस मोड़ से हल्द्वानी तक दिखने वाले मनमोहक नजारे के चलते यहां रुकने वाले पर्यटक एक बार यहाँ सेल्फी लेना नही भूलते। बरसात में तो नीचे घाटी में कोहरा घिरने से नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है।
इस स्थल पर पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए अब भीमताल ब्लाक द्वारा इसे पर्यटक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट ने बताया कि मनरेगा के तहत दो फेज में इस स्थल को विकसित किया जाना है। जिसमें पहले फेज में करीब एक लाख की लागत से यहाँ व्यू और सेल्फी प्वाइंट विकसित किये गए है। दूसरे फेज में भी अन्य सुविधाएं जुटाने के कार्य किये जाने है।
पहाड़ी उत्पादों के लगेंगे स्टाल
हरीश बिष्ट ने बताया कि पर्यटन स्पॉट बनाने के साथ ही इस स्थल को ग्रामीणों के रोजगार से जोड़ने की योजना बनाई गई है। जिसके तहत यहाँ छोटे छोटे रैक लगाए गए है। जिन पर गाँव की ही महिलाओं व स्वयं सहायता समूहों द्वारा पहाड़ी उत्पादों के स्टाल लगाए जाने है। इन स्टालों पर पर्यटकों को समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किये गए ऐपण, कपड़े, मोमबत्ती, सजावटी सामान, बड़ी-मुंगेड़ी और अन्य उत्पाद उपलब्ध हो पाएंगे। जल्द इन स्टालों का विधिवत उद्दघाटन किया जाएगा।