साइबर ठगों से राज उगलवाएंगे तमिल भाषा के विशेषज्ञ, पढ़े पूरा मामला

VON NEWS: कौन बनेगा करोड़पति में लॉटरी के नाम पर लोगों को ठगने के आरोपियों की एक बड़ी चेन है, जिसे तोड़ने के लिए उत्तराखंड एसटीएफ ने जाल बिछा दिया है। जल्द ही इनसे राज उगलवाने के लिए एसटीएफ भाषा विशेषज्ञों का सहारा लेगी। सोमवार को दोनों ठगों को दून लाया गया। इन्हें न्यायालय के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

बीते दिनों एसटीएफ ने तमिलनाडु से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया था। इनकी पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर हुई थी। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि ठगों को गिरफ्तार करते वक्त पुलिस टीम के सामने भाषा की समस्या आई थी। यह पूरा इलाका तमिल भाषा वाला है। यहां पर बहुत से लोग अंग्रेजी भी नहीं जानते थे।

ऐसे में वहां स्थानीय भाषा विशेषज्ञों की मदद के बाद ही पूरी कार्रवाई की गई। वहां के न्यायालय में भी ट्रांजिट रिमांड लेने के लिए तमिल भाषा के जानकारों का सहारा लिया गया। क्योंकि, साइबर थाना पुलिस के सारे दस्तावेज हिंदी में ही लिखे हुए थे। उन्होंने बताया ठगों का देशभर में जाल फैला हुआ है। इनसे राज उगलवाने के लिए तमिल भाषा के विशेषज्ञ की मदद ली जाएगी।

फिलहाल न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। जल्द ही उनकी पुलिस कस्टडी रिमांड भी ली जाएगी। इसके बाद विशेषज्ञ की मदद से उनसे राज उगलवाए जाएंगे। प्राथमिक जांच में ही सामने आ चुका है कि  इनके तार श्रीलंका और दुबई तक जुड़े हुए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button