दहेज के लिए एसडीएम पति कर रहा था उत्पीड़न, जानिए पूरा मामला
रुद्रपुर,VON NEWS: दहेज के लिए महिला का उत्पीडऩ करने के देवरिया, यूपी निवासी और एसडीएम पद पर तैनात पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक दानपुर, कीरतपुर निवासी रिंकी ने कोर्ट को सौंपे शिकायती पत्र में कहा था कि उसका विवाह 15 दिसंबर 2018 को यूपी, थाना और जिला देवरिया के ग्राम मूड़ाडीह निवासी अरुण कुमार गोड़ पुत्र राम चंद्र गोड़ से हुआ था।
उसका पति अरुण कुमार गोड़ एसडीएम पद पर तैनात है। पति के पद के अनुरूप उसके परिजनों ने 30 लाख नगद और कार समेत लाखों के जेवरात समेत अन्य सामान दहेज में दिया था।
विवाह के बाद पति उसे हनीमून में गोवा ले गया, जहां उसे अभद्रता पूर्ण व्यवहार किया। गोवा से वापस आने के बाद पति के साथ ही ससुर समेत अन्य परिजन दिलीप कुमार, मंजू देवी, शशी प्रभा गोड़, अजय कुमार और रंजीता देवी ने उससे मारपीट की। कहा कि 30 लाख रुपये और लाओ तभी उसे घर में रखेंगे।
सात अप्रैल 2020 को पति ने उसे मारपीट की और उसकी अश्लील फोटो भी खींची इसके बाद घर से निकाल दिया। 9 मई 2020 को पति दो सिपाहियों और चालक के साथ उसके मायके आया और मारपीट कर जबरन तलाकनामा पर हस्ताक्षर के प्रयास किए। साथ ही लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर घर से जबरन ले जाने लगा।
शोर होने पर उसके मायके वालों ने उसे बचाया। मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इधर, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।